{"_id":"69ed8a766acb61d95400696b","slug":"large-quantity-of-liquor-bound-for-manipur-from-haryana-seized-2026-04-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Noida: हरियाणा से मणिपुर जा रही बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी, ट्रक में लकड़ी के बॉक्स में छिपा रखी थी 237 पेटी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Noida: हरियाणा से मणिपुर जा रही बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी, ट्रक में लकड़ी के बॉक्स में छिपा रखी थी 237 पेटी
Sun, 26 Apr 2026 09:16 AM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Sun, 26 Apr 2026 09:16 AM IST
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। टीम ने हरियाणा मार्का अवैध शराब की 237 पेटियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। हरियाणा से बिहार, बंगाल के रास्ते से मणिपुर शराब ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि , शनिवार को थाना नॉलेज पार्क पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। मौके से लाखाराम पुत्र जोधाराम को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी राजस्थान के बाड़मेर जिले का निवासी बताया जा रहा है। उसकी उम्र करीब 27 वर्ष है।
विज्ञापन
जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा राज्य से सस्ती कीमत पर शराब खरीदकर उसे उत्तर प्रदेश में अधिक दामों पर बेचने के लिए लाता था। इस अवैध कारोबार को अंजाम देने के लिए वह बेहद शातिर तरीके अपनाता था। पुलिस, आरटीओ और आबकारी विभाग की निगरानी से बचने के लिए आरोपी फर्जी बिल्टी और स्पेयर पार्ट्स के बिल तैयार करता था। जिससे ट्रक में लदे माल को वैध दिखाया जा सके। इसी आड़ में वह बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी करता था।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि बरामद ट्रक का इस्तेमाल शराब के परिवहन में किया जा रहा था। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। बरामद शराब की मात्रा और कीमत को देखते हुए इसे बड़े स्तर की तस्करी का मामला माना जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसके जरिए अलग-अलग राज्यों में अवैध शराब की सप्लाई की जाती है। इस मामले में थाना नॉलेज पार्क पर उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जिससे यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई को पुलिस और आबकारी विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इससे न केवल राजस्व को होने वाले नुकसान को रोका जा सकेगा, बल्कि अवैध शराब के सेवन से होने वाली संभावित घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।