नूंह। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारीलाल ने शनिवार को जिला सचिवालय के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक ली। इस दौरान ग्राम बिसरू निवासी अख्तर की शिकायत पर जिला अग्रणी प्रबंधक को आदेश दिए कि गेहूं की फसल के नुकसान के लिए बजाज एलियांज कंपनी से मुआवजा दिलवाएं। मंत्री ने कहा कि अगर समय पर मुआवजा नहीं दिया जाता है तो फसल मुआवजे के लिए बजाज कंपनी की शिकायत करें। शिकायतकर्ता की वर्ष 2020 में बारिश के कारण फसल खराब हो गई थी।
सहकारिता मंत्री ने उद्यान अधिकारी को आदेश दिए कि जिले में प्लास्टिक टनल मद में प्राप्त 64 किसानों की दोबारा फाइल जांच कर उन्हें अनुदान दिलवाने के कार्य को पूरा करें और अगली मासिक बैठक में इस मामले की एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मंत्री ने करीम बख्श गांव सारोला की शिकायत पर पंचायत के रास्ता नंबर 267 के नाजायज कब्जे को छुड़वाने के लिए तहसीलदार तावडू को निर्देश दिए कि वे यह कब्जा छुड़वाकर 7 दिन के अंदर जिला उपायुक्त को रिपोर्ट प्रस्तुत करें। गांव पलड़ी निवासी शिकायतकर्ता गुरु नानक सिंह, दया सिंह आदि की शिकायत पर कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिए की वह जल्द से जल्द गांव पल्ला के निवासियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करें। इस बैठक में सुनवाई के लिए कुल 13 परिवाद रखे गए। इनमें 4 मामले पिछली बैठक से लंबित थे तथा 9 नए मामले रखे गए। जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि कष्ट निवारण समिति की बैठक में जो भी विवाद रखे जाते हैं, उन विवादों के समाधान की सही रिपोर्ट अधिकारी प्रस्तुत करें। यदि किसी ने गलत रिपोर्ट पेश की तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता भी इस बात का ध्यान रखें कि वे शिकायत में किसी गलत आदमी का नाम दर्ज न कराएं, यदि शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट में गलत आदमी का नाम दर्ज कराया तो शिकायतकर्ता के विरुद्घ भी कार्रवाई होगी। इस मौके पर नूंह विधायक आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका विधायक मामन खान, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास, उपायुक्त शक्ति सिंह, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणियां, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।