Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   fdsg

Noida News: आठवीं मंजिल पर ढाई महीने से चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क

Fri, 27 Nov 2026 09:17 PM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Fri, 27 Nov 2026 09:17 PM IST
विज्ञापन
fdsg
- 40 कैब, 65 कमरों का पीजी और 20 लाख किराया, ऐसे चल रहा था विदेशी ठगी का नेटवर्क
विज्ञापन

- छह हैंडलरों के जरिये 164 विदेशी नागरिकों को नोएडा लाया गया, चाय की दुकान तक सामान्य थी कर्मचारियों की आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। फेज-2 थाना क्षेत्र की 18 मंजिला व्यावसायिक इमारत की आठवीं मंजिल पर करीब ढाई महीने से साइबर ठगी का नेटवर्क चल रहा था। बाहर से गतिविधियां सामान्य कारोबारी कामकाज जैसी थीं। कर्मचारियों की आवाजाही, चाय-कॉफी पीने के लिए बाहर आना और कैब से आवागमन किसी को असामान्य नहीं लगा। जांच में सामने आया है कि दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय छह हैंडलरों के जरिये 164 विदेशी नागरिकों को नोएडा लाया गया था। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और नोएडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिकों को मुक्त कराया गया। एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।

जांच के अनुसार, आठवीं मंजिल पर फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। यहां सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशियों से साइबर ठगी कराई जाती थी। कर्मचारियों की गतिविधियां सामान्य होने के कारण आसपास के लोगों को भी इसकी भनक नहीं लगी। इमारत के पास चाय की दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने बताया कि आठवीं मंजिल के कर्मचारी दिन और रात कई बार चाय-कॉफी पीने आते थे। कोई नकद भुगतान करता था तो कोई ऑनलाइन। सभी अपने देश की भाषा में बातचीत करते थे। भाषा समझ में नहीं आने के कारण उनकी बातचीत पर किसी का ध्यान नहीं जाता था।
विज्ञापन


छह हैंडलरों के जरिये नोएडा पहुंचाए गए विदेशी : जांच में दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय छह हैंडलरों की भूमिका सामने आई है। ये विदेशों में संपर्क बनाकर नौकरी और बेहतर वेतन का झांसा देते थे। जांच में सुनील कुमार और सुशील भाटी नाम के व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस यह पता कर रही है कि दोनों हैंडलर थे या नेटवर्क में किसी अन्य भूमिका में शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


40 कैब से होती थी आवाजाही : दिल्ली पुलिस का दावा है कि भारत पहुंचने के बाद विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे। उन्हें पीजी में रखा जाता था और करीब 40 कैब के जरिये कॉल सेंटर तक लाया और वापस पहुंचाया जाता था। उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जाती थी। काम से इनकार करने या विरोध करने पर मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया पर महिलाओं की फर्जी पहचान बनाकर लोगों से दोस्ती करते थे। इसके बाद भावनात्मक संबंध बनाकर ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच दिया जाता था। विदेशी नागरिकों को बातचीत के लिए बाकायदा स्क्रिप्ट दी जाती थी।

कॉल सेंटर और पीजी का किराया 20.24 लाख रुपये महीना : पुलिस ने मलेशिया निवासी 25 वर्षीय टैन गुआन वेई को गिरफ्तार किया है। कॉल सेंटर का मासिक किराया करीब आठ लाख रुपये और 65 कमरों वाले पीजी का किराया 12.24 लाख रुपये था। दोनों ठिकानों का कुल किराया 20.24 लाख रुपये प्रतिमाह था। कार्रवाई के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप, 26 लैपटॉप और 174 पासपोर्ट बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि पीजी में आरोपियों ने अपने लोगों को भी तैनात कर रखा था। मामले में मानव तस्करी, जबरन श्रम, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

दो पर प्राथमिकी दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दबिश : पीजी और कॉल सेंटर का प्रबंधन करने वाले दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। विदेशी नागरिकों का सी-फॉर्म नहीं भरवाने के मामले में सेक्टर-126 थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। फिलहाल दोनों फरार हैं। पुलिस टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

बंधक बनाने के साक्ष्य नहीं मिले : गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस की जांच में कॉल सेंटर के कर्मचारियों को बंधक बनाकर रखने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस ने कर्मचारियों के वीडियो संबंधी साक्ष्य दिल्ली गृह मंत्रालय को भेजे हैं। कॉल सेंटर के प्रवेश द्वार पर लगे बोर्ड पर कंपनी का अधूरा नाम एसकेवी लिखा मिला। रिसेप्शन पर तैनात कर्मचारियों के मुताबिक, कॉल सेंटर में काम करने वाले सभी कर्मचारियों को आने-जाने की अनुमति थी। खाने-पीने का सामान लेने के लिए विदेशी कर्मचारी भी नीचे अकेले आते थे।

बालकनी में सिगरेट पीने की थी अनुमति : कॉल सेंटर में कर्मचारियों के लिए कुछ सख्त नियम भी बनाए गए थे। बालकनी में सिगरेट पीने की सशर्त अनुमति थी, लेकिन एक साथ पांच से अधिक कर्मचारियों के जाने पर 20 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान था। इसके लिए बालकनी के शीशों के दोनों तरफ नोटिस लगाए गए थे। वहां रखे डस्टबिन सिगरेट और बीड़ी के टुकड़ों से भरे रहते थे। अन्य कंपनियों के कर्मचारी भी इन्हें देखते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article