फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   Delhi needs a government with coordination, not conflict: Modi

तकरार वाली नहीं, दिल्ली को तालमेल वाली सरकार चाहिए : मोदी

Fri, 31 Jan 2025 08:33 PM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Fri, 31 Jan 2025 08:33 PM IST
विज्ञापन
Delhi needs a government with coordination, not conflict: Modi
द्वारका में आयोजित रैली में प्रधानमंत्री ने राजधानी को विश्वस्तरीय शहर बनाने की गारंटी दी
विज्ञापन

कहा - सरकार बनते ही आपदा के भ्रष्टाचार पर और कड़ा प्रहार होगा
करोड़ों का शीशमहल बनाने वालों को गरीब का दर्द कभी समझ नहीं आया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका के डीडीए ग्राउंड में शुक्रवार को भाजपा की विकसित दिल्ली संकल्प रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी को विश्वस्तरीय शहर बनाने की गारंटी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में तकरार वाली नहीं, तालमेल वाली सरकार चाहिए। हर समय लड़ाई और आरोप-प्रत्यारोप करने वाली आप-दा सरकार से मुक्ति वाली सरकार चाहिए। दिल्ली को लूट और झूठ की आप-दा से मुक्त कराना है।
मोदी ने कहा कि भाजपा दिल्ली को मॉडर्न शहर बनाना चाहती है। इसकी झलक द्वारका में दिख रही है, जहां केंद्र सरकार ने भव्य यशोभूमि, द्वारका एक्सप्रेसवे बनाया। दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनाकर दिल्ली की सेवा करने का मौका दीजिए। गारंटी है कि भाजपा सरकार दिल्ली के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सरकार बनते ही आप-दा के भ्रष्टाचार पर और कड़ा प्रहार होगा, क्योंकि करोड़ों का शीशमहल बनाने वालों को गरीब का यह दर्द कभी समझ नहीं आया।
विज्ञापन

पीएम ने कहा कि ये लोग गीता का ज्ञान देने वालों की धरती पर जहरीली राजनीति करने का आरोप लगाते हैं। 11 साल में आप-दा ने सब के साथ लड़ाई-झगड़ा ही किया है। केंद्र सरकार, हरियाणा व उत्तर प्रदेश वालों से लड़ते हैं। केंद्र की योजना तक दिल्ली में लागू नहीं होने देते। अब वक्त है मिलजुल कर दिल्ली की हर बड़ी समस्या का समाधान हो। दिल्ली को अपनी राजनीति चमकाने का एटीएम बना दिया गया है। दिल्ली का पैसा लूट, घोटाले और कालेधन से जमाकर देश के दूसरे राज्यों में राजनीति चमकाते हैं और दिल्ली के पैसों से अन्य राज्यों में चुनाव लड़ते हैं। आप-दा सरकार से पीएम ने सावधान और सतर्क रहने को कहा। उन्होंने कहा कि डंके की चोट पर कह रहा हूं कि सरकार बनते ही दिल्ली को जिन्होंने लूटा है, उन्हें लौटाना ही पड़ेगा। विधानसभा के पहले सत्र में ही सीएजी रिपोर्ट पेश की जाएगी। इसमें घोटालों का जिक्र है। इस तरह से आप का कच्चा चिट्ठा दिल्ली के लोगों के सामने होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

------------
अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील
मोदी ने कहा कि आप-दा वालों की नीयत सब देख रहे हैं। ये सिर्फ अफवाहबाजी करते हैं। झुग्गियों में जाकर भांति-भांति के झूठ फैला रहे हैं। हार के डर से वे किसी भी हद तक गुजर सकते हैं। उनकी राजनीति का तरीका ही है, झूठ का बम फोड़ना। सच यह है कि मोदी सरकार जहां झुग्गी है वहीं पक्का मकान बना कर दे रही है। सिर्फ चहारदीवारी नहीं गरीबों के मकान में शौचालय, जल, मुफ्त गैस कनेक्शन भी दे रही है। मेरे पास कोई घर नहीं है, लेकिन सपना है कि हर गरीब को पक्का घर मिले। वहीं, केंद्र ने गरीबों के लिए जो घर बनाए हैं, उसे दिल्ली सरकार ने खंडहर कर दिया है। मतदान से पहले झूठ को सिद्ध करने के लिए किसी हद तक वे जा सकते हैं।
----------
यमुना के मुद्दे पर घेरा व विकास मॉडल भी दिया
पीएम ने कहा कि यमुना का रीवर फ्रंट वर्ल्ड क्लास बनेगा जिससे लोग राजपथ और कर्तव्य पथ भूल जाएंगे। देश की नदियां हमारी सभ्यता की जीवनधारा रही हैं। यमुना एक नदी नहीं, भारत की आध्यात्मिक और आर्थिक शक्ति है। दिल्ली में बनने वाली भाजपा सरकार यमुना का कायाकल्प करके दिखाएगी। इसमें पहला काम यमुना का पानी स्वच्छ करना होगा। दूसरा आधुनिक रिवर फ्रंट बनेगा, तीसरा पर्यटन के लिए ग्रीन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा और चौथा वाटर मेट्रो की भी संभावना होगी। इस तरह से यमुना भारत की वैश्विक पहचान बनेगा। दिल्ली के एक-एक वोट से यमुना का भाग्य बदलेगा। दिल्ली कैसे बर्बाद हुई है इसकी मिसाल टूटी सड़क, सीवर, अस्पताल में ब्लड बैंक और आईसीयू का नहीं होना है। दिल्ली का बजट अगर 100 रुपये है तो इसमें महज 20 रुपये ही विकास पर आप-दा खर्च करती है, बाकी अपने चेहरे चमकाने पर होता है।
------------
सरकार बनते ही महिलाओं के खाते में 2500 आएंगे
पीएम ने दिल्ली की महिलाओं को गारंटी दी कि भाजपा सरकार बनते ही उनके खाते में ढाई हजार रुपये ट्रांसफर होंगे। लोग आधार और मोबाइल नंबर बैंक से लिंक करा लें। दिल्ली देहात में खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधा दी जाएगी। सात हजार करोड़ की लागत से तीसरी रिंग रेल जल्द बनेगी व मेट्रो का विकास होगा, ताकि जाम से मुक्ति मिल सके।

----------------------
कांग्रेस और आप-दा भ्रष्टाचार के प्रतीक
पीएम ने कहा कि कांग्रेस और आप-दा भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं। पर्दे के पीछे दोनों अहंकारी मिल गए हैं। कांग्रेस को शाही परिवार बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अहंकार एक बार फिर दिखा। राष्ट्रपति के भाषण को बोरिंग तक कहकर पूरे आदिवासी और ओबीसी का अपमान किया गया है। मतदान का दिन लोकतंत्र का महापर्व है। लिहाजा, मतदान केंद्र पर बाजे के साथ पहुंचें। थाली और घंटी बजाते हुए जाएं। बदलाव लाना है तो पहले मतदान करें, फिर जलपान करें। वोटिंग के सभी रिकार्ड तोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने जनसमूह से कहा कि उनका प्रणाम हर घर तक पहुंचाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article