तावडू। घुसपैठी गांव में दो पक्षों में हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने मंगलवार देर शाम 22 नामजदों और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि जमालु और शाकिर पक्ष के बीच 26 सितंबर को देर शाम झगड़ा हुआ था। इसमें जमालु पक्ष की शिकायत पर 14 नामजदों और साकिर पक्ष की शिकायत पर 8 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जमालु पक्ष ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 26 सितंबर को उनकी गाड़ी निर्माणाधीन रेलवे लाइन के पास खड़ी थी तभी आरोपी जुबेर और शौकत उनकी गाड़ी से तेल चोरी कर रहे थे। जब उन्होंने तेल करने से रोका तो आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनके परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शाकिर पक्ष की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक जमालु पक्ष के लोग डंपरों में मिट्टी भरकर ले जा रहे थे, जिससे धूल उड़ रही थी। इस पर उन्होंने एतराज जताया तो जमालु पक्ष के लोग नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने लाठी, डंडों, पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर जुबेर, शौकत, आजाद, दीन मोहम्मद, वकील, मुब्बा, अयूब, अय्ये खान, मोरमल, साकिर, आशु, सद्दाम, आशु अरशद और दूसरे पक्ष के जमालु, कमालू, सोहराब, जफरू, जाहुलहक, अकबर तस्लीम, सेहरुन और महबूब के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।