{"_id":"6ac7cd4c0287ffd25a039e2b","slug":"bouncer-dies-in-road-accident-family-suspects-murder-youth-was-a-native-of-hapur-in-greater-noida-2026-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रेटर नोएडा: सड़क हादसे में बाउंसर की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, हापुड़ का रहने वाला था युवक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेटर नोएडा: सड़क हादसे में बाउंसर की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, हापुड़ का रहने वाला था युवक
Thu, 08 Oct 2026 10:35 PM IST
Digvijay Singh
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
Published by: Digvijay Singh
Updated Thu, 08 Oct 2026 10:35 PM IST
सार
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार बाउंसर की मौत हो गई। हादसा ओमिक्रान के पास हुआ। युवक के अज्ञात वाहन की चपेट में आने की बात सामने आई है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार बाउंसर की मौत हो गई। हादसा ओमिक्रान के पास हुआ। युवक के अज्ञात वाहन की चपेट में आने की बात सामने आई है। वहीं, मृतक के परिजन ने उसकी मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
विज्ञापन
मूलरूप से हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र के रजाकपुर गांव निवासी जयपाल सिंह का पुत्र विवेक बाउंसर था। वह दादरी क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा में रहकर नोएडा में ड्यूटी करता था। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से निकला था। ओमिक्रान के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर लगने से विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल विवेक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
मृतक के पिता जयपाल सिंह ने पुत्र की मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। परिजन का कहना है कि घटना की परिस्थितियों की जांच की जानी चाहिए और यह पता लगाया जाए कि विवेक की मौत वास्तव में सड़क हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। वहीं सूरजपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। हादसे में किसी अज्ञात वाहन की भूमिका सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजन की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन