ग्रेनो में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: अमित शाह 25 सितंबर को करेंगे शुभारंभ, जानेंं चौथे संस्करण में क्या खास?
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में राज्य की ताकत और हर जिले के विशेष उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 सितंबर को इसके चौथे संस्करण का शुभारंभ करेंगे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश अपनी आर्थिक और औद्योगिक क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। राज्य सरकार द्वारा आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण जल्द ही शुरू होगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश की ताकत और हर जिले के विशेष उत्पादों को प्रदर्शित करेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 सितंबर को इस महत्वपूर्ण ट्रेड शो का शुभारंभ ग्रेटर नोएडा में करेंगे। यह भव्य आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद शामिल होंगे। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से विशेष उत्पादों को लाया जाएगा। यह योगी आदित्यनाथ की सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम इंटरनेशनल ट्रेड शो होगा।
इस आयोजन से राज्य की औद्योगिक वृद्धि को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश के उत्पादों को पहचान मिलेगी। ट्रेड शो के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की गई है। पुलिस आयुक्त और गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। यह सुनिश्चित किया गया है कि आगंतुकों और प्रतिभागियों के लिए सुरक्षित माहौल हो।
ग्रेटर नोएडा में 24 से 29 सितंबर तक रूट डायवर्जन
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। विशिष्ट अतिथियों के आगमन के दौरान एक्सपो मार्ट-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाजरी
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र के अनुसार 24 सितंबर से 29 सितंबर तक आवश्यकतानुसार भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वह निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
चिल्ला रेड लाइट से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले यातायात को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से गोलचक्कर सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। डीएनडी से एक्सप्रेसवे होकर आने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक सेक्टर-16 की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह कालिंदी बॉर्डर से एक्सप्रेसवे की ओर आने वाले यातायात को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड की ओर भेजा जाएगा।
आगरा की ओर से नोएडा आने वाले यातायात को जेवर टोल से कस्बा जेवर की ओर डायवर्ट कर सिकंदराबाद होते हुए गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई है। परीचौक से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को सूरजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सूरजपुर से परीचौक की ओर आने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड की ओर भेजा जाएगा। पी-3 गोलचक्कर से परीचौक होकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले यातायात को पी-3 से स्वर्ण नगरी गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ट्रेड शो से निकलने वाले वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था
एक्सपो मार्ट में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों से बाहर निकलकर शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर और अन्य वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।