मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी, नोएडा पुलिस नहीं मानती आपका आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुलंदशहर की गैंगरेप की घटना के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस कंट्रोल रूम को त्वरित रिस्पांस देने के निर्देश दिए थे। 100 नंबर डायल करते ही फौरन मौके पर पीसीआर पहुंचे, इसके लिए विशेष निर्देश सभी जिला कप्तानों को दिए गए हैं। मगर नोएडा पुलिस मुख्यमंत्री के आदेशों को नहीं मानती।
कंपनी सेक्रेट्री (सीएस) को ऑटो चालक सरेराह पीटता रहा और 6 हजार रुपये लूटकर फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी तो वहां से जवाब मिला कि वह खुद पुलिस चौकी पहुंच जाएं।
जब पीड़ित सीएस चौकी पहुंचे तो सुबह के वक्त चौकी से पुलिस नदारद थी। पीड़ित ने हिम्मत नहीं हारी और फिर उन्होंने 100 नंबर पर कॉल की तो कॉल दिल्ली पुलिस के पास चली गई।
उसके बाद भी पुलिस से उम्मीद रखते हुए पीड़ित सीएस ने दोबारा कंट्रोल रूम में कॉल किया तो जवाब मिला कि आधे घंटे के भीतर पुलिस मौकेपर पहुंच पाएगी।
मीडिया कर्मियों के माध्यम से पहुंची बात
आधे घंटे तक पीड़ित ने मौके पर इंतजार किया मगर पुलिस दूर-दूर तक पुलिस नजर नहीं आई। हालांकि, नोएडा पुलिस का कारनामा यहीं खत्म नहीं हुआ।
इसके बाद पीड़ित गलती से फेस-3 थाने पहुंच गए। जहां पर उनकी रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर उन्हें दूसरे इलाके की घटना बताते हुए फेस-3 पुलिस ने सेक्टर-58 थाने का रास्ता दिखा दिया। सेक्टर-58 पुलिस उससे भी तेज निकली।
पुलिस ने उनकी तहरीर तो ले ली मगर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आश्वासन देकर उन्हें थाने से भेज दिया गया कि जल्द लुटेरे ऑटो चालक को पकड़ लिया जाएगा।
जब इस घटना के बारे में मीडिया कर्मियों के माध्यम से पुलिस के उच्च अधिकारियों तक बात पहुंची तो उनके कान खड़े हो गए और आपाधापी में बुधवार सुबह की घटना की रिपोर्ट बृहस्पतिवार शाम को दर्ज की गई।
यह है मामला
बुधवार सुबह करीब नौ बजे शालीमार गार्डन, गाजियाबाद निवासी रवि भूषण अपने सेक्टर-62 स्थित ऑफिस जा रहे थे। वह इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेट्री ऑफ इंडिया में बतौर सीएस के पद पर कार्यरत हैं।
ऑफिस जाते वक्त लेबर चौक के पास उनकी कार में पीछे से एक ऑटो चालक ने टक्कर मार दी। उन्होंने ऑटो चालक को रोकने की कोशिश की और पुलिस को कॉल की, तब तक वह ऑटो चालक भागने लगा।
हालांकि पीछा करके रवि ने थोड़ी ही दूरी ऑटो चालक को रोक लिया। इस दौरान ऑटो चालक उग्र हो गया और उसने रवि भूषण की पिटाई शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो ऑटो चालक ने उनके कपड़े फाड़ दिए, जिससे उनकी जेब से 6 हजार रुपए सड़क पर गिर गए।
ऑटो चालक ने रुपए उठाए और फरार हो गया। रवि को नोएडा पुलिस पर काफी भरोसा था तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर दी। मगर पुलिस कंट्रोल रूम व नोएडा पुलिस ने उनका साथ नहीं दिया।