सीनियर सिटिजन की मदद के लिए नया मोबाइल ऐप लॉन्च, मोबाइल स्क्रीन टच करते ही पहुंचेगी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में रह रहे बुजुर्गों को दिल्ली पुलिस से सहायता के लिए 100 नंबर पर कॉल करने की जरूरत नहीं है। उन्हें बस मोबाइल फोन पर एक टच करना होगा और उनकी मदद के लिए पुलिसकर्मी पहुंच जाएंगे।
उपराज्यपाल नजीब जंग ने शनिवार को नेशनल मीडिया सेंटर में बुजुर्गों की मदद के लिए सीनियर सिटीजंस मोबाइल ऐप लॉन्च किया। इस मौके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त आलोक कुमार वर्मा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
दिल्ली पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ऐप में ऐसा सिस्टम बनाया गया है कि जब बुजुर्ग सहायता के लिए ऐप पर स्क्रीन टच करके बटन दबाएंगे, तो पुलिस की सिटीजन सिटीजन हेल्पलाइन-1291 पर बुजुर्ग की पूरी जानकारी और लोकेशन चली जाएगी।
थानाध्यक्ष और बीट अफसर को तुरंत इसकी जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों को पहले ऐप पर खुद को रजिस्टर्ड कराना होगा। 60 वर्ष के ऐसे बुजुर्ग, जो अकेले रहते हैं, वे रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
इस समय दिल्ली पुलिस में 27,645 बुजुर्ग रजिस्टर्ड हैं। ऐप के अलावा बुजुर्ग खुद को सीनियर सिटीजन सिक्योरिटी सेल के टेलीफोन नंबर 23490223, हेल्पलाइन नंबर 1291, 100 और ई-मेल भेजकर भी रजिस्टर्ड करा सकते हैं।
पुलिसकर्मी को अपलोड करनी होगी सेल्फी
पुलिसकर्मियों के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि जब भी वे बुजुर्ग से मिलने जाएंगे, तो उनके साथ अपनी सेल्फी लेकर ऐप पर अपलोड करेंगे। इससे यह पता लग जाएगा कि पुलिसकर्मी बुजुर्ग से मिलने जा रहे हैं या नहीं और मिले, तो कब-कब मिले हैं।
ऐसे करें डाउनलोड
फिलहाल सीनियर सिटीजन ऐप एंड्रॉयड और विंडोज पर ही डाउनलोड कर सकते हैं। गूगल प्ले स्टोर में जाकर दिल्ली पुलिस सीनियर सिटीजंस लिखने पर ऐप मिल जाएगा। इसके बाद डाउनलोड कर सकते हैं।
बुुजुर्ग दिवस पर स्वास्थ्य शिविर
पुलिस ने बुजुर्ग दिवस के मौके पर दिल्ली के कई थानों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए। दक्षिण जिला पुलिस ने आरके पुरम थाने में शिविर लगवाया। इसमें जिले से काफी पुलिसकर्मी अपने स्वास्थ्य की जांच कराने पहुंचे। इस दौरान दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद भी मौजूद थीं।