Night Life Delhi: गुलजार होगी दिल्ली की नाइट लाइफ, शिक्षा के साथ सेहत का भी कल्याण; 700 करोड़ की योजनाएं पास
नाइट फूड बाजार और प्रदूषण नियंत्रण से लेकर नालों की रोबोटिक सफाई, स्मार्ट क्लासेस, खेल प्रशिक्षण, सड़क सुधार व बिजली आपूर्ति को मजबूत करने जैसे प्रस्ताव बैठक में प्रस्तुत किए गए।
Please wait...
विस्तार
नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) की बुधवार को आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इससे दिल्ली की नाइट लाइफ, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत ढांचे को नई पहचान मिलेगी। परिषद ने 44 प्रस्तावों को मंजूरी देकर 700 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी। नाइट फूड बाजार और प्रदूषण नियंत्रण से लेकर नालों की रोबोटिक सफाई, स्मार्ट क्लासेस, खेल प्रशिक्षण, सड़क सुधार व बिजली आपूर्ति को मजबूत करने जैसे प्रस्ताव बैठक में प्रस्तुत किए गए।
सबसे चर्चित प्रस्ताव नाइट फूड बाजार का रहा। यह प्रस्ताव नई दिल्ली के विधायक व दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा की ओर से लाया गया जिसके तहत कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और प्रमुख स्थानों पर देर रात तक लोगों को स्वादिष्ट भोजन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए 50 से 60 फूड ट्रक रात 10:30 बजे से सुबह 1 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। इससे न सिर्फ दिल्ली की नाइट लाइफ को बढ़ावा मिलेगा बल्कि पर्यटन और छोटे कारोबारियों को भी बड़ा सहारा मिलेगा। यह योजना रोजगार के नए अवसर खोलेगी और शहर की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेगी।
प्रदूषण से निजात के लिए बैठक में 24 जगहों पर स्वचालित मिस्ट स्प्रे लगाने का फैसला लिया गया। इन उपकरणों के जरिये धूल और धुएं पर नियंत्रण किया जाएगा। परिषद ने साफ किया कि प्रदूषण से निपटने के लिए तकनीक और आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल प्राथमिकता है। वहीं, बारिश के दिनों में जलभराव दिल्ली की बड़ी समस्या रही है। इसे देखते हुए बैठक में कुशक नाले और रिंग रोड नाले की रोबोटिक सफाई के लिए 13.10 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया। रोबोटिक तकनीक से नालों की सफाई तेज और बेहतर तरीके से होगी। इसके अलावा, सीवर ओवरफ्लो की समस्या से निपटने के लिए जेटिंग-कम-सक्शन मशीनों पर 31.08 करोड़ रुपये खर्च करने का फैसला हुआ। इन मशीनों से सीवर साफ करने में आसानी होगी और नागरिकों को गंदगी व बदबू से राहत मिलेगी।
शिक्षा में स्मार्ट पहल
एनडीएमसी क्षेत्र के छात्रों के लिए भी बैठक में कई अहम फैसले हुए। नवयुग स्कूल, पंडारा पार्क की नई इमारत और बहुउद्देशीय हॉल के लिए 11.29 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ। साथ ही, 45 स्कूलों में स्मार्ट आईएफपी क्लासेस लगाने का निर्णय लिया गया। इन डिजिटल क्लासेस के जरिये बच्चों को आधुनिक और इंटरएक्टिव शिक्षा का लाभ मिलेगा।
खेलों को नया जीवन
खेल प्रशिक्षण को लेकर परिषद ने बड़ा ऐलान किया। अब एनडीएमसी क्षेत्र में खेल प्रशिक्षण फिर से पीपीपी मॉडल पर शुरू होगा। खिलाड़ियों को प्रोफेशनल कोच और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल न सिर्फ बच्चों बल्कि युवाओं को भी अपने खेल कौशल को निखारने का अवसर देगी।
सड़कों और पुलों का कायाकल्प
एनडीएमसी क्षेत्र की सड़कें भी अब चमकने वाली हैं। बैठक में 85 करोड़ रुपये से अधिक की 90 सड़कों के पुनर्निर्माण योजनाओं को मंजूरी दी गई। इसमें नई दिल्ली इलाके की अधिकतर सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली हाईकोर्ट गेट नंबर-पांच के सामने फुटओवर ब्रिज बनाने की भी मंजूरी मिली। इससे रोजाना कोर्ट आने-जाने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।
बिजली आपूर्ति होगी और मजबूत
बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में भी कई अहम योजनाओं को हरी झंडी मिली। लोधी कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में 13.19 करोड़ रुपये से नए ट्रांसफॉर्मर, 9.28 करोड़ रुपये से नई लाइनों का निर्माण और 184 एमपी फ्लैट्स में पांच एमवीए का नया कनेक्शन स्वीकृत हुआ।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.