{"_id":"5cba684cbdec2239135ed2c2","slug":"nd-tiwari-son-rohit-tiwari-killed-by-a-pillow","type":"story","status":"publish","title_hn":"पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा: तकिये से मुंह दबाकर मारा गया रोहित तिवारी को, अपराध शाखा करेगी जांच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा: तकिये से मुंह दबाकर मारा गया रोहित तिवारी को, अपराध शाखा करेगी जांच
Sat, 20 Apr 2019 06:47 AM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Sat, 20 Apr 2019 06:47 AM IST
विज्ञापन
एनडी तिवारी के पुत्र रोहित शेखर तिवारी का निधन (फाइल फोटो)
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एनडी तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी की मौत के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। सूत्र बता रहे हैं कि उसकी मौत स्वाभाविक नहीं है। संभवत: तकिया से मुंह दबाकर उसकी हत्या की गई है। बृहस्पतिवार को आई आठ पेज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि रोहित की मौत दम घुटने से हुई है। पीएम रिपोर्ट में दिल का दौरा पड़ने से मौत का जिक्र नहीं है।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अब इस मामले की जांच अपराध शाखा करेगी। केस दर्ज होने के तत्काल बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने डिफेंस कॉलोनी स्थित रोहित के घर सी-329 में घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम (सीएफएसएल) ने घटनास्थल से कुछ सैंपल और फिंगर प्रिंट भी जुटाए हैं।
विज्ञापन
दक्षिणी जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर विशेषज्ञों से राय लेने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार रोहित की मौत तकिये से मुंह दबाकर की गई है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि इस मामले में अगले कुछ दिनों में बड़ा खुलासा हो सकता है।
विज्ञापन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रोहित शेखर की मौत को ‘अस्वाभाविक’ बताया गया है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है और जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है। -अनिल मित्तल, दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी
गहराता जा रहा है मौत का रहस्य
रोहित शेखर की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। जांच में यह बात सामने आई है कि रोहित उत्तराखंड के कोटद्वारा से सोमवार रात साढ़े नौ बजे घर पहुंचने के बाद खाना खाकर सो गया। किसी ने रात में रोहित के मोबाइल का लॉक खोला और उसमें कुछ देखा। मोबाइल को वही खोल सकता है, जिसे उसका पासवर्ड पता हो। पुलिस इस शख्स की पहचान करने में जुटी है। पुलिस पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि रोहित की पत्नी अपूर्वा उस रात करीब 2:30 बजे तक बाहर वाले कमरे में टीवी सीरियल ‘सावधान इंडिया’ देख रही थी। फिलहाल अपूर्वा के कमरे को बंद कर दिया गया है और किसी को जाने नहीं दिया जा रहा।
रात में ही हो गई थी मौत
मौत के बारे में मंगलवार शाम चार बजे पता चला। हालांकि पीएम रिपोर्ट में रोहित के पेट में अधपचा खाना मिलने के कारण अंदाजा लगाया गया है कि उसकी मौत सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात में ही 1 से 2 बजे के बीच हो गई थी। पोस्टमार्टम में रोहित का दिल भी सिकुड़ा हुआ मिला है। पुलिस ने रोहित के विसरा और दिल सुरक्षित रख लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि अभी तक रोहित के परिवार ने किसी पर भी संदेह नहीं जताया है। सीसीटीवी फुटेज से भी साफ है कि कोई बाहरी व्यक्ति रोहित के घर में नहीं गया।
दबाव पड़ने पर ही नाक से खून आता है
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रोहित के नाक से खून निकल रहा था। उसकी मौत का पता लगने तक तकिए पर पड़ा खून जम गया था। मेडिकल बोर्ड का कहना है कि मुंह पर दबाव पड़ने से ही नाक से खून निकलता है।
मां-पत्नी अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार गईं
रोहित की मां उज्जवला व पत्नी अस्थि विर्सजन करने हरिद्वार गई हुईं हैं। ऐसे में शुक्रवार शाम तक पुलिस उनके लौटने का इंतजार कर रही थीं। जांच में पता चला है कि रोहित की मां सोमवार रात करीब साढ़े बारह बजे अपने घर चली गई थीं। वह तिलक लेन स्थित सरकारी आवास पर रहती हैं। यह बंगला एनडी तिवारी को मिला हुआ था। सीसीटीवी फुटेज में वह घर से बाहर निकलती हुई दिखाई दे रही हैं।