10 दिसंबर से चलेंगे एनसीआर ऑटो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सब कुछ ठीक रहा तो एनसीआर ऑटो का संचालन 10 दिसंबर से शुरू हो जाएगा। मंगलवार को परिवहन विभाग की ओर से शासन से प्राप्त एनसीआर ऑटो संचालन का शासनादेश जारी किया जाएगा। हालांकि गाइडलाइन पूरी करने में तीन-चार सप्ताह का वक्त लगेगा। गाइडलाइन पूरी करने के बाद आवेदन 1 दिसंबर से प्राप्त लिए जाएंगे और 5 दिसंबर से लोगों को परमिट मिलने शुरू हो जाएंगे।
दिल्ली-हरियाणा और एनसीआर के जिलों का सफर अब आसान हो जाएगा। परिवहन विभाग ने इसकी तैयारियां कर ली हैं। शासन ने इसके विधिवत आदेश जारी कर दिए हैं। शुरुआत में यूपी से 4500 ऑटो का संचालन किया जाएगा। इनका रंग-रूप सामान्य ऑटो से अलग होगा। जीपीएस से लैस एनसीआर ऑटो सफर को आसान करने के साथ ही सुरक्षित भी करेगा।
आरटीओ मयंक ज्योति ने बताया कि 25 नवंबर को शासनादेश पब्लिक के लिए जारी किया जाएगा। इसमें परमिट की गाइडलाइन, ऑटो का रंग-रूप और गाइड-लाइन, चालक-मालिक के लिए शर्तें, संचालन के नियम-रूट, सेफ्टी रूल्स, कंट्रोल रूम बनाने आदि की शर्तों को जारी किया जाएगा। शर्तों को पूरा करके और विधिवत प्रमाण पत्र प्राप्त करके व्यक्ति एनसीआर ऑटो का आवेदन कर सकेंगे।
1 दिसंबर से आवेदन फार्म प्राप्त कर मानकों के अनुरूप मिलने वालों की छंटनी होगी। पात्र मिलने वाले व्यक्तियों को इसकी सूचना दी जाएगी और वे एनसीआर की गाइडलाइन वाले रंग-रूप का ऑटो खरीद सकेंगे।
आरटीओ आफिस में आटो का पंजीकरण कराने के बाद इनके परमिट स्वीकृत किए जाएंगे। इन परमिटों को दिल्ली और हरियाणा परिवहन निगम को भेजा जाएगा। वहां से एनओसी मिलने के बाद ऑटो मालिकों को परमिट जारी किए जाएंगे। परमिट मिलने के बाद ऑटो चालक अपना जीपीएस कंट्रोल रूम तैयार करेंगे।
इसका आरआई द्वारा निरीक्षण करके रिपोर्ट आरटीओ को सौंपी जाएगी। ऑटो संचालन केंद्रों को नगर निगम तैयार कराएगा। ऑटो को संख्या के अनुसार संचालन केंद्रों का अधिकार जारी किया जाएगा। इसके बाद ही ऑटो का संचालन शुरु हो सकेगा।
एक जैसा होगा किराया
एनसीआर में ऑटो के बेरोकटोक सफर के दौरान यात्रियों को किराये के लिए किचकिच नहीं करनी होगी। पूरे एनसीआर में किराये का स्लैब एक जैसा होगा। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने दिल्ली की तर्ज पर किराये का प्रस्ताव तैयार किया है। जल्द ही इसे शासन से मंजूरी मिल जाएगी। परमिट के लिए आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू होने की उम्मीद है।
परमिट की आवेदन प्रक्रिया को शासन से मंजूरी मिल गई है। इस सिलसिले में 20 नवंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के परिवहन आयुक्त की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें एनसीआर के बीच जल्द से जल्द ऑटो संचालन शुरू करने पर सहमति बनी। सबसे बड़ी अड़चन किराये को लेकर बताई जा रही थी, जिसे अब दूर कर लिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली ने ऑटो किराये का जो स्लैब बनाया है, उसको नोएडा, गाजियाबाद के अलावा गुड़गांव और फरीदाबाद में अपनाया जाएगा। हालांकि, किराये के प्रस्ताव को शासन से औपचारिक मंजूरी मिलनी बाकी है। इसके बाद ही किराये की सूची को सार्वजनिक किया जाएगा।
जटिल है प्रक्रिया
एनसीआर ऑटो की प्रक्रिया बेहद जटिल है। एनसीआर ऑटो का परमिट किसी ऐसे व्यक्ति को नहीं दिया जाएगा, जिसके पास पहले से किसी कामर्शियल वाहन का परमिट है। एनसीआर ऑटो के रंग-रूप के अनुसार ही कंपनियां इनका माडल शोरूम में लाएंगी।