हल्की बारिश के बाद जून में फिर एनसीआर को लू से झुलसाएगा मौसम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत में शनिवार को हुई हल्की बारिश के बाद रात और दिन को पारे ने राहत दी। न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, लेकिन ये राहत 31 मई तक ही रहेगी।
मौसम वैज्ञानिकों ने पहली जून से तापमान में वृद्धि के बाद 6-10 जून को उत्तर पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में लू की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 6 से 10 जून के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण यूपी में दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर रहेगा।
इस दौरान पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली में लू के हालात बनेंगे। अभी सामान्य से नीचे चल रहा तापमान 1 जून से फिर बढ़ेगा। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 1 से 10 जून तक पारा सामान्य से ऊपर रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों ने मई के अंतिम दो दिन सोमवार को हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में आंधी के साथ बिजली चमकने और कुछ जगह हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली व यूपी में धूलभरी आंधी या बिजली चमकने के साथ कुछ जगह हल्की बारिश भी हो सकती है। मंगलवार को उत्तराखंड और यूपी में मौसम कुछ इसी तरह का रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज होगा।
एनसीआर में फरीदाबाद का मौसम सबसे ठंडा
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार रात से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में ज्यादातर जगह बारिश-बर्फबारी और यूपी में ज्यादातर जगह, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली में कुछ जगह बारिश हुई।
इससे पूर्वी यूपी में न्यूनतम तापमान
सामान्य से 5 डिग्री या उससे भी ज्यादा नीचे, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम यूपी व दिल्ली में 3-5 डिग्री तक नीचे, उत्तराखंड, हरियाणा व पंजाब में सामान्य से 1-3 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया।
एनसीआर की बात करें तो दिन का तापमान सबसे नीचे फरीदाबाद में रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री तो सबसे ऊपर दिल्ली केपालम में 37.8 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान दिल्ली के रिज केन्द्र पर सबसे नीचे 19.3 डिग्री रहा।
नोएडा में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री, गुड़गांव में 36.1 डिग्री रहा। दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे 36.7 दर्ज किया गया तो न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन नीचे 24 डिग्री रहा। हवा में नमी 43-79 फीसदी के बीच रही। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहने की संभावना है।