इस बात पर नार्थ-ईस्ट के छात्र पर जानलेवा हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में उत्तर पूर्वी राज्यों के लोगों के साथ मारपीट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बुराड़ी में सामने आया है। यहां मामूली बात पर 27 साल के मणिपुरी छात्र को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया गया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के सिर में गंभीर चोटें हैं।
पुलिस की माने तो छात्र का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने उपर कुल्ला किए जाने का विरोध जताया था। पीड़ित का बयान लेकर पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर ली है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस तरह निकाला गुस्सा
जानकारी के मुताबिक मूलत: मणिपुर का रहने वाला ब्रीलिएंट हॉरम(27) अपने रिश्तेदार के भाई के साथ संतनगर में रहता है। वह इग्नू से स्नातकोत्तर करने के अलावा सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा है।
हॉरम के मुताबिक शनिवार शाम छह बजे वह बंगाली कालोनी मार्केट संतनगर में स्टेशनरी की दुकान पर जा रहा था। इस बीच एक युवक ने उसके पैरों पर कुल्ला कर दी।
हॉरम ने जब इसका विरोध जताया तो आरोपी ने उसको भला बुरा कहना शुरू कर दिया। इसी बीच एक अन्य शख्स वहां पहुंचा और उसने आवाज देकर दो अन्य लोगों को बुला लिया।
इतनी पिटाई की छात्र हो गया बेहोश
तीनों ने मिलकर पीड़ित को लात घूंसों और डंडो से पीटना शुरू कर दिया। एक आरोपी ने उसके सिर पर डंडे से कई वार किए। जिसकी वजह से हॉरम बेहोश हो गया। गंभीर हालत में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इधर जब उत्तर पूर्व के लोगों को घटना की जानकारी मिली बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। मामले की सूचना बुराड़ी थाना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पीड़ित ने अपने बयान में बताया मारपीट में एक आरोपी उसके दोस्त का मकान मालिक भी है। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है।
बाकी आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के पास मौजूद सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। उसकी जांच कर आरोपियों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।