{"_id":"f77dd6f5ba5abb1df69c1e7b95336a8e","slug":"murder-of-two-year-old-girl-in-gurgaon-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सरपंच के घर में जो दिखा उससे किसी का कलेजा दहल जाए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सरपंच के घर में जो दिखा उससे किसी का कलेजा दहल जाए
ब्यूरो/अमर उजाला, गुड़गांव
Updated Sat, 21 Feb 2015 06:45 PM IST
विज्ञापन
मानेसर में दो वर्षीय बच्ची की गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने बच्ची की हत्या कर उसका शव सरपंच के घर में छिपाकर फरार हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है। जिसमें एक संदिग्ध की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक मामला शिवरात्री का है। मानेसर के लोकरी गांव में मेहनत मजदूरी कर परिवार पालने वाला मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी परिवार की दो वर्षीय बच्ची उषा को आसपास के बच्चों के साथ प्रसाद खाने के लिए भेजा था। बताया जाता है कि वह रास्ता भटक गई।
विज्ञापन
सारे बच्चों के घर पहुंचने के बाद बच्ची को खुद को अकेला पाकर रोने लगी। बच्ची को रोता देख ग्रामीण इकट्ठा हो गए। वे बच्ची को उसके मां-बाप तक पहुंचाने का प्रयास कर ही रहे थे कि एक शराबी युवक यहां पहुंचा।
विज्ञापन
उसने खुद को बच्ची का जानकार बताते हुए उसे घर तक छोड़ने की बात कही। बच्ची भी उसको देखकर चुप हो गई जिस पर ग्रामीणों ने विश्वास कर बच्ची को उसके हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी बच्ची को लेकर घर पहुंचा ही नहीं।
चार दिन बीत जाने के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया तो परिजनों ने पुलिस से मामला दर्ज करने की गुजारिश की जिस पर शुक्रवार को ही आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच शुरू की ही थी कि शाम को पहाड़ कॉलोनी स्थित सरपंच के मकान में बच्ची का शव पाया गया।
सरपंच ने खुद पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी हालांकि, शुरूआती जांच में पूरी स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन शनिवार को बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मौत की वजह सामने आने के बाद पुलिस भी सकते में आ गई।
मानेसर थाना प्रभारी के मुताबिक इस मामले में पड़ोस में रहने वाला युवक घटना के दिन से फरार है। ग्रामीणों ने दिए बयान के अनुसार आरोपी ही बच्ची को वहां से ले गया था। पूरे मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस कि गिरफ्त में होगा।