नोएडा: काजल की हार पर 'सख्त' हुए मुलायम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा विधान सभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी की हार को लेकर सोमवार को लखनऊ में समीक्षा बैठक हुई। इसमें पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने स्थानीय पदाधिकारियों की जमकर क्लास ली।
इस दौरान नेताओं ने हार का ठीकरा प्रत्याशी के परिवार पर फोड़ दिया। बैठक में एक बार तो सपा मुखिया नाराज हो गए और गड़बड़ करने वाले एक विधायक को सस्पेंड करने तक की बात कह दी। मौके पर मौजूद पदाधिकारियों के अनुरोध करने पर स्थिति सामान्य हो सकी। यादव ने आगामी विधान सभा चुनाव में ऐसी गलतियां न करने की हिदायत दी।
उपचुनाव में सपा प्रत्याशी काजल शर्मा की हार के बाद स्थानीय स्तर पर समीक्षा की गई थी। इसमें पदाधिकारियों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा दिए। कोई भी हार स्वीकार करने को तैयार नहीं हुआ। जब यह बात हाईकमान तक पहुंची तो उसने सभी को तलब कर लिया।
नोएडा में क्यों नहीं मिली सफलता?
पार्टी के सूत्रों ने बताया कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की समीक्षा बैठक में पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह भाटी, विधायक गुड्डू पंडित, जिलाध्यक्ष फकीरचंद्र नागर, महानगर अध्यक्ष अनिल यादव, चुनाव प्रभारी रहे कैबिनेट मंत्री नारद राय समेत कई लोग शामिल हुए।
सपा मुखिया ने उनसे सबसे पहले यही सवाल किया कि प्रदेश में सपा ने कई सीटें जीतीं, लेकिन नोएडा में सफलता क्यों नहीं मिली। जब नारद राय से इसकी हकीकत पूछी गई तो उन्होंने कहा कि प्रत्याशी के परिवार में ही जब विरोध और खींचतान रहेगी तो जीत कैसे मिलेगी।
पार्टी नेता अशोक चौहान ने भी कहा कि सदरपुर, छलेरा समेत जिन बूथों पर उनकी जिम्मेदारी थी, वहां का वोट प्रतिशत देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि फर्जी वोट भी हार का कारण रहे। आरोप लगाया कि खुद प्रत्याशी सही ढंग से चुनाव प्रचार नहीं कर पाईं।