नाम है 'छोटू' है लेकिन लेते वक्त कांप जाते हैं बड़े-बड़े
पुलिस की अपराध शाखा ने हत्या के आरोप में दक्षिण दिल्ली के कुख्यात बदमाश अजय कुमार उर्फ छोटू (40) को गिरफ्तार किया है।
अजय और उसके गिरोह ने 5 अप्रैल को वर्चस्व की लड़ाई की वजह से दो दूसरे गिरोह के दो बदमाशों को अगवा कर हत्या कर दी थी।
पुलिस की मानें तो अपना दबदबा बनाए रखने के लिए अजय और उसका गिरोह दक्षिणी दिल्ली के बदमाशों और बिल्डरों से प्रोटेक्शन मनी (जबरन वसूली) लेता था। अजय पर हत्या और हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं।
ड्रग्स तस्करी में भी रहा शामिल
शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि एक सूचना पर शुक्रवार को एसीपी केपीएस मल्होत्रा, इंस्पेक्टर कुलबीर और एसआई कुलदीप की टीम ने सत्यम कॉम्प्लेक्स, नेहरू प्लेस से अजय को दबोच लिया।
जांच में पता चला कि 20 नवंबर 2014 को नेबसराय में अजय और उसके गिरोह ने एक युवक की हत्या का प्रयास किया था।
22 नवंबर 2014 को आरोपी ने नेब सराय में सट्टे और ड्रग्स के गोरखधंधे में रोहित नामक युवक की हत्या कर दी थी और अन्य लोग घायल हो गए थे।
इस वर्ष 5 अप्रैल को अजय ने गैंगवार की वजह से अपने साथियों सुनील, रवि, रॉकी, सोनू, नितिन सुनील के साथ संगम विहार से अंकू और सुमित को अगवा कर हत्या कर दी थी। वारदात में कुछ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।