सो रहे व्यक्ति पर बंदरों ने किया ऐसा हमला कि देखकर दहल जाएगा आपका दिल
तावड़ू के गांव मालब में रविवार को बंदरों ने मदरसे में सो रहे एक व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे नल्हड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उसे राममनोहर लोहिया अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया।
गांव मालब निवासी प्रधान साबिर, मजीदा, हाजी यूसूफ, हाजी सईद, इब्रा, अमीरूदीन आदि ने बताया की करीब एक वर्ष से गांव में बंदरो के झुंड ने आतंक मचा रखा है।
बंदर घरों में घुसकर ग्रामीणों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। रास्तों से निकलने वाले लोग हो या घर व छत पर मौजूद लोगों को देखते ही काटने को दौड़ते हैं। इससे ग्रामीण डरे हुए हैं।
पिछले 6 महीने में सैकड़ों लोगों को काट चुके हैं बंदर
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले छह महीने में बंदर लगभग सैकड़ों ग्रामीणों को काट चुके हैं। फरीद और एजाज ने बताया कि रविवार को उसका भाई मोहम्मद अनवर मदरसे के कमरे में सो रहा था, तभी बदरों ने कमरे में घुसकर उस पर हमला कर दिया।
सिर व गर्दन पर गहरे घाव होने के कारण उसका काफी खून बह गया। गंभीर हालत में उसे नल्हड़ अस्पताल नूंह से दिल्ली रेफर कर दिया गया। सरपंच अमजद खान ने बताया की दो महीने पहले बंदरों ने घर में बैठे बुजुर्ग सरूपा पर हमला कर दिया था। बाद में उनकी मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि बंदरों के आतंक से ग्रामीण भयभीत हैं, जिन्हें पकड़वाने की शिकायत वह कई बार प्रशासन से कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीण परेशान है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।