Dtc Driver Murder: बदमाशों ने चालक को मारी गोली, मौत, पत्नी बोली- ड्यूटी के दौरान कुछ लोगों ने मारने की दी थी धमकी
दक्षिण-पूर्व जिले के गोविंदपुरी थाना इलाके में डीटीसी ड्राइवर संजीव अपनी पत्नी व बेटे के साथ काम से बाहर निकले थे। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। जिसमें संजीव की पत्नी व बेटा भी बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी मौत हो गई। गोविंदपुरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विज्ञापन
दिल्ली में दक्षिण-पूर्व जिले के गोविंदपुरी थाना इलाके में डीटीसी के ड्राइवर की उसकी पत्नी व बेटे के सामने बुधवार रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय पत्नी व बेटे मोटरसाइकिल पर बैठे हुए थे। घटना के समय नीचे गिरने से उनको भी मामूली चोटें लगी हैं। हमलावर मोटरसाइकिल पर आए थे और नजदीक से गोली मारने के बाद फरार हो गए। वारदात के बाद घायल संजीव कुमार (55) को मजीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संजीव कुमार को डीटीसी यूनियन का अध्यक्ष भी बताया रहा है। गोविंदपुरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित का ऑफिस में कोई विवाद चल रहा था।
दक्षिण-पूर्व जिला उपायुक्त ईशा पांडेय के अनुसार बुधवार रात करीब 9.20 बजे घटना की सूचना पीसीआर से मिली थी। कॉल में बताया गया कि मजीदिया अस्पताल में कुछ लोग मरीज को लेकर आए हैं, जो बोल रहे हैं एक्सीडेंट हुआ है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि संजीव कुमार ट्रांजिट कैंप में रहते थे। कुछ महीने पहले ही वह ट्रांजिट कैंप में रहने आए थे। वह बुधवार रात को मोटरसाइकिल से पत्नी गीता व बेटा (आठ) के साथ फतेहसिंह मार्ग फल व सब्जी खरीदने गए थे। इसके बाद वह वापस लौट रहे थे। जब वह दीपालिया स्कूल के पास पहुंचे तो तभी मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और पीछे से संजीव कुमार के ऊपर गोली चला दी। गोली कंधे में लगी और छाती से आर-पार हो गई। वह बेहोश होकर पत्नी व बेटे समेत नीचे गिर गए। गोली से पत्नी व बेटा बाल-बाल बच गए थे।
संजीव के घायल होने के बाद गीता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। संजीव को कार से मजीदिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों उसे मृत घोषित कर दिया। गीता के बयान पर गोविंदपुरी थाना पुलिस ने हत्या व अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच के बाद पुलिस को लग रहा है कि आपसी रंजिश के चलते संजीव की हत्या की गई है।
ड्यूटी पर मारने की बात बताई थी-पत्नी
मृतक संजीव कुमार की पत्नी गीता ने बताया कि वह पति व बेटे के साथ संजीव के साथ मोटरसाइकिल से गेंहू पिसवाने व सब्जी लेने गई थीं। जब वह वापस लौट रहे थे तो मोटरसाइकिल पर दो लकड़े आए और पटाखा फुटने की आवाज आई। इसके बाद उसका पति बेहोश हो गया और मोटरसाइकिल समेत सभी नीचे गिर गए। अस्पताल में उनके पति को मृत घोषित कर दिया गया। गीता का कहना है कि कुछ दिन पहले संजीव बता रहे थे कि ड्यूटी पर कुछ लोग उन्हें मारने की बात कर रहे हैं। पूछा तो बताया कि मैं सब देख लूंगा। संजीव के भाई प्रदीप ने बताया कि उसे पता नहीं है कि उसके भाई को किसने गोली मारी है। उसके भाई डीटीसी यूनियन के अध्यक्ष थे।