एक बिल्ली ने बर्बाद कर दी इस शख्स की जिंदगी, सुषमा स्वराज तक पहुंचा मामला
बच्चों के भविष्य और कुछ सपने सजाकर सऊदी अरब जाकर एक शेख के यहां नौकरी करना हरी चंद को भारी पड़ गया। एक बिल्ली की वजह से उनकी जिंदगी बर्बाद हो गई। हरी चंद वहां के शेख के जुल्मों से बेहद तंग है। वह अब किसी तरह वहां से निकल कर हिंदुस्तान लौटना चाहता है और दोबारा से अपनी जिंदगी शुरू करना चाहता है।
हरी चंद के हिंदुस्तान आने में उसका मालिक शेख ही रोड़ा बन गया है, जो उसे ने तो वेतन दे रहा है और ना ही हिंदुस्तान आने दे रहा है। शेख ने उसका पासपोर्ट जब्त कर रखा है। पीड़ित परिवार ने गौसेवा आयोग के चेयरमैन भानी राम मंगला की मार्फत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद की गुहार लगाई है। दस दिन के अंदर हरी चंद हिंदुस्तान नहीं आया, तो वे सऊदी अरब के नए कानून के शिकंजे में फंस सकता है।
हाल ही में सऊदी अरब ने कानून बनाया है कि जो अपने कफील (शेख) या कंपनियों को छोड़कर दूसरी जगह नौकरी कर रहे हैं, वे तीन महीने के अंदर सऊदी अरब छोड़ दें। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी डर की वजह से उसने सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया, जहां उसे बताया गया कि उसके पहले कफील ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया हुआ है जो काफी गंभीर है। जब तक पहला कफील उसे माफ नहीं कर देता या फिर वह सजा भुगत नहीं लेता, तब तक वह हिंदुस्तान नहीं जा सकता है।
पांच साल पहले आया था सऊदी
मेवात जिला के गांव बसई मेव निवासी हरी चंद काम की तलाश में करीब चार-पांच साल पहले सऊदी अरब जाने का सोचा था। मेवात के एक एजेंट की मार्फत वह सऊदी अरब पहुंचा। एजेंट ने उसे वहां की किसी कंपनी की एक कफील के पास भेज दिया था। हरी चंद ने हमारे संवाददाता को फोन पर बताया कि वह बथा शहर में एक कफील के घर पर नौकरी करने लगा। उसे वहां खाना बनाने से लेकर घर के सारे काम करने पड़ते थे। उस कफील को बिल्लियां पालने का शौक था। नौकरी के कुछ सवा साल हुए थे।
एक दिन एक बिल्ली ने घर के कुछ सामान का नुकसान कर दिया। इसके लिए उसे काफील ने बुरी तरह मारा-पीटा। कुछ समय बाद एक और बिल्ली ने बड़ा नुकसान कर दिया। उसने गुस्से में आकर डंडे से बिल्ली को मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके लिए उसके मालिक ने उसकी खूब पिटाई की और उसे घर से निकाल दिया। कुछ दिनों बाद हरी चंद को एक दूसरे काफील ने काम दिया। यहां उसे अच्छे पैसे और वक्त पर खाना भी मिलता था। अब देश के नए नियम से वह काफी सहमा हुआ है। उसने पूरी बात परिवार को बताई है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तक पहुंची हरी की परेशानी
हरियाणा गौसोवा आयोग के चेयरमैन भानी राम मंगला ने बताया कि पीड़ित हरी चंद के परिवार इस मामले में मदद की गुहार लगाई है। इस बारे में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तक हरी चंद की समस्या पहुंचा दी है। इस बारे में सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से भी बात करने की कोशिश की जा रही है। उन्हंोने कहा कि उनकी सरकार हरी चंद को हिंदुस्तान लाने में पूरी मदद करेगी।
हरी को हनीफ मेवाती का मिला साथ
सऊदी अरब की एक कंपनी में बतौर मैनेजर काम करने वाले मेवात के गांव अटेरना निवासी हनीफ सईद ने फोन पर बताया कि उनको आज ही इस बारे में पता चला है। वह रविवार को हरी चंद से बथा शहर जाकर मिलेगा और वह उसकी पूरी मदद करेगा। हरी चंद को जल्द से जल्द हिंदुस्तान भेजा जाएगा।