Delhi: यमुना सफाई को लेकर गृह मंत्रालय की बड़ी बैठक, अमित शाह ने दिए समग्र दृष्टिकोण से काम करने के निर्देश
इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विस्तार
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में यमुना की सफाई के साथ-साथ पीने के पानी और सीवेज व्यवस्था पर एक उच्चस्तरीय बैठक की। गृह मंत्री ने इस दौरान व्यापक दृष्टिकोण के साथ काम करने की जरूरत बताई और कहा कि आज दिल्ली में यमुना, पीने के पानी और ड्रेनेज को लेकर जो भी योजना बनाएं वह अगले 20 वर्षों को ध्यान में रखकर करें।
बैठक में गृह मंत्री शाह ने कहा, यमुना हमारे लिए सिर्फ एक नदी नहीं बल्कि आस्था का प्रतीक है। इसलिए इसकी स्वच्छता मोदी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए एक मानक संचालन तंत्र (एसओपी) बनाए जिससे उनकी गुणवत्ता, रखरखाव और डिस्चार्ज मानदंड स्थापित किए जाएं। उन्होंने यह एसओपी अन्य सभी राज्यों के साथ साझा करने को भी कहा।
बैठक में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर शाह ने कहा कि यमुना की सफाई में दिल्ली जल बोर्ड की अहम भूमिका है, इसलिए, इसका सुदृढ़ीकरण बहुत आवश्यक है। गृह मंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड में खाली पदों को तत्काल भरने को भी कहा। शाह ने नालों से गाद हटाने के लिए विश्व-स्तरीय तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया।
आंधी-बारिश ने धोया प्रदूषण, एक्यूआई 119 दर्ज
राजधानी में बुधवार रात को आई आंधी-बारिश ने लोगों को प्रदूषण से राहत दिलाई। गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 119 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी है। इसमें बुधवार की तुलना में 94 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि रविवार तक हवा मध्यम श्रेणी में ही बरकरार रहेगी। ऐसे में लोगों को प्रदूषित हवा से कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना है।
सीपीसीबी के अनुसार, एनसीआर में गुरुग्राम की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 135 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी है। वहीं, गाजियाबाद में एक्यूआई सबसे कम दर्ज हुआ। यहां सूचकांक 71 रहा, जो संतोषजनक श्रेणी है। इसके अलावा नोएडा में 79 और ग्रेटर नोएडा में 74 एक्यूआई दर्ज किया गया।