ये कैसा दुस्साहस: राह चलते युवक ने मैकेनिक से पूछा- कौन है कॉल पर?, पत्नी से बात के जवाब पर कहा, मेरी भी करवा दो बातचीत
दिल्ली के भगवती विहार में रहने वाले एसी मैकेनिक ने पत्नी से बात करवाने की कहने वाले राह चलते युवक को थप्पड़ मार दिया। इस पर युवक ने दोस्तों को बुलाकर उसे लाठी-डंडे से पीट दिया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के बिंदापुर इलाके में अपनी पत्नी से फोन पर बात न करवाने पर एक युवक ने दोस्तों को बुलाकर एसी मैकेनिक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। आरोपी लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर फरार हो गए। घायल मैकेनिक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। तबियत में सुधार होने के बाद पीड़ित के बयान पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पीड़ित पत्नी से बात करते जा रहा था पैदल
घटना में घायल मैकेनिक की पहचान संजय सिंह के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ भगवती विहार में रहता है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि वह 20 अप्रैल की रात इलाके में रहने वाले अपने दोस्त के घर खाना खाने गया था। देर रात करीब 12.30 बजे उसकी पत्नी का फोन आया। वह पत्नी से फोन पर बात करते हुए पैदल ही घर की ओर जाने लगा।
पत्नी से बात कराने की बात सुन पीड़ित ने आरोपी को जड़ा था थप्पड़
रास्ते में संजय को एक युवक मिला। युवक ने संजय से पूछा कि वह फोन पर किससे बात कर रहा है। पत्नी से बात करने की कहने पर युवक ने कहा कि उसकी भी बात करवा दो। इस बात पर गुस्से में आकर संजय ने युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक ने फोन कर अपने तीन चार दोस्तों को मौके पर बुला लिया। युवक और उसके दोस्तों ने संजय को तब तक लाठी-डंडे से पीटा जब तक वह अचेत होकर गिर नहीं गया। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी फरार हो गए।
संजय के अचेत पड़े होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उस समय वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। नौ दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को अपना बयान दिया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।