MCD Election: अजय माकन का दावा, विद्युत विभाग में घोटाले रुकें तो हर घर को मिल सकती है 500 यूनिट मुफ्त बिजली
MCD Election: अजय माकन ने दिल्ली और केंद्र सरकार के बिजली विभाग के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि दिल्ली में उद्योगों को सबसे महंगी बिजली दी जा रही है। यह यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की तुलना में बहुत ज्यादा है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस नेता अजय माकन ने आरोप लगाया है कि दिल्ली सरकार बिजली सब्सिडी के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला कर रही है। मुफ्त बिजली लेने के लिए लाभार्थियों की संख्या को लेकर भी गहरे विवाद पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा है कि मुफ्त बिजली के नाम पर बिजली कंपनियों को अवैध तरीके से लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की सीबीआई के द्वारा जांच होनी चाहिए।
अजय माकन ने दिल्ली और केंद्र सरकार के बिजली विभाग के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि दिल्ली में उद्योगों को सबसे महंगी बिजली दी जा रही है। यह यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की तुलना में बहुत ज्यादा है। इसका परिणाम हो रहा है कि दिल्ली में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के उद्योग बंद हो रहे हैं और ये सभी उद्योग पड़ोसी राज्यों में जा रहे हैं। इससे दिल्ली में बेरोजगारी पैदा हो रही है। उन्होंने दावा किया कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के दिल्ली से बाहर जाने के कारण लगभग 1.5 लाख रोजगार समाप्त हुए हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरे देश में बिजली चोरी के आंकड़े दूसरे राज्यों में ज्यादा हैं, लेकिन दिल्ली में बिजली चोरी की सीमा दस फीसदी से भी कम होकर देश में सबसे निचले स्तर पर आ गई है, लेकिन इसके बाद भी दिल्ली के लोगों को देश में सबसे महंगी बिजली दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि बिजली सब्सिडी के नाम पर बिजली कंपनियों को लाभ पहुंचाना बंद कर दिया जाए, तो दिल्ली के हर घर को 200 यूनिट की बजाए 500 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में चल रही अनियमितता की सीबीआई से जांच होनी चाहिए जिससे इस मामले का सच सामने आ सके।