{"_id":"633500098f4e09553d574855","slug":"mcd-commissioner-formed-rapid-response-team-under-his-supervision-against-dengue","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dengue in Delhi: एमसीडी आयुक्त ने अपनी निगरानी में गठित की रैपिड रिस्पॉन्स टीम, दो माह पहले शुरू की फॉगिंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dengue in Delhi: एमसीडी आयुक्त ने अपनी निगरानी में गठित की रैपिड रिस्पॉन्स टीम, दो माह पहले शुरू की फॉगिंग
Thu, 29 Sep 2022 07:46 AM IST
अनुराग सक्सेना
अमर उजाला ब्यूरो, दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, दिल्ली
Published by: अनुराग सक्सेना
Updated Thu, 29 Sep 2022 07:46 AM IST
सार
तेजी से बढ़ते डेंगू के मामलों के कारण दो महीने पहले फॉगिंग शुरू करा दी गई है। पहले नवम्बर-दिसम्बर में डेंगू पीक पर होने पर यह शुरू होती थी। दिल्ली में हर हफ्ते डेंगू के 150-200 मामले आ रहे हैं। पिछले हफ्ते चार दिन में डेंगू के 129 मामले दर्ज किए गए।
विज्ञापन
फॉगिंग करता कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला- फाइल फोटो
विस्तार
एमसीडी ने मच्छरों के प्रजनन वाले 250 हॉट स्पॉट खोजे हैं, जहां तेजी से डेंगू का प्रसार हो रहा है। यहां मच्छरों का सफाया करने के लिए रोजाना फॉगिंग करने का निर्देश दिया गया है। निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती ने अपनी निगरानी में रैपिड रिस्पॉन्स टीम बनाई है, जो रोजाना उन्हें इसकी प्रगति रिपोर्ट देगी।
विज्ञापन
तेजी से बढ़ते डेंगू के मामलों के कारण दो महीने पहले फॉगिंग शुरू करा दी गई है। पहले नवम्बर-दिसम्बर में डेंगू पीक पर होने पर यह शुरू होती थी। दिल्ली में हर हफ्ते डेंगू के 150-200 मामले आ रहे हैं। पिछले हफ्ते चार दिन में डेंगू के 129 मामले दर्ज किए गए। ये एमसीडी द्वारा उपलब्ध कराए गए वो आंकड़े थे, जो पीड़ित अस्पतालों में भर्ती हैं। इससे कहीं ज्यादा लोग डेंगू की चपेट में हैं, जो किसी कारण घर अस्पताल में भर्ती नहीं हो पाए हैं।
विज्ञापन
डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर निगम आयुक्त ने अपने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और मच्छरों की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी ली। निगम अधिकारियों के मुताबिक, चिन्हित हॉट स्पॉट में अधिकतर निर्माण स्थल और सरकारी एजेंसियों के परिसर शामिल हैं।
विज्ञापन
आयुक्त ने सीपीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड, डीडीए, दिल्ली पुलिस, डीएमआरसी, व्यापार संगठनों, केंद्र सरकार व दिल्ली सरकार के कार्यालयों, विश्वविद्यालयों इत्यादि को पत्र लिखकर मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए विभिन्न उपाय करने का आग्रह किया है। इनके साथ क्षेत्रीय स्तर पर 26 बैठकें की हैं।
इस साल निगम ने करीब 2.5 करोड़ बार घरों का निरीक्षण किया। मच्छरों का प्रजनन पाए जाने पर 91,462 को कानूनी नोटिस भेजने के अलावा 33,226 चालान किए हैं। 12,659 भवन स्वामियों से 30.68 लाख रुपये जुर्माना वसूला है।
निगम आयुक्त ने सभी रामलीला आयोजन स्थलों पर रोजाना फॉगिंग का निर्देश दिया है। करीब 12,000 स्थानों पर फॉगिंग कराई गई है। रामलीला मंचन और दुर्गा पूजा कमेटियों से भी आग्रह किया है कि वो अपने प्रांगणों में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें और कहीं पर भी पानी जमा न होने दें।