Weather News: खुशनुमा मौसम का दौर अब खत्म, दिल्लीवालों अगले सप्ताह 40 डिग्री के टॉर्चर के लिए रहें तैयार
गुरुवार को दिनभर तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। इस दौरान लोग पसीने से तरबतर दिखाई दिए। सुबह से ही निकल रही तेज धूप ने लोगों को खासा परेशान किया हुआ था। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज हुआ।
विस्तार
दिल्ली में खुशनुमा मौसम का दौर अब खत्म हो गया है। ऐसे में अगले सप्ताह आसमान से आग बरसने वाली है। इस दौरान दिल्ली के लोगों को 40 डिग्री का टॉर्चर झेलना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल से 15 अप्रैल तक दिल्ली का मौसम अधिकतर साफ रहेगा और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जाएगी। 10 अप्रैल को अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16-18 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि 15 अप्रैल तक अधिकतम 37-39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21-23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
15 अप्रैल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान जमीन पर तेज हवाएं चलेंगी, जो दिन में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से महसूस की जा सकती हैं। हवा की दिशा में बदलाव होंगे। साथ ही, 15 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर एक नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ने की संभावना है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर में एक दिन बाद बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है।
पसीने से तरबतर दिखाई दिए लोग
दूसरी ओर, बृहस्पतिवार को दिनभर तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। इस दौरान लोग पसीने से तरबतर दिखाई दिए। सुबह से ही निकल रही तेज धूप ने लोगों को खासा परेशान किया हुआ था। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 94 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 32 प्रतिशत रही।