{"_id":"69e106d5b620ea293c0740f8","slug":"man-stabbed-to-death-in-delhi-for-stoping-smoking-2026-04-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में टारजन का मर्डर: सिगरेट पीने से रोका तो विशाल ने छीन लीं सांसें, भाई की जुबानी दर्दभरी कहानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में टारजन का मर्डर: सिगरेट पीने से रोका तो विशाल ने छीन लीं सांसें, भाई की जुबानी दर्दभरी कहानी
Thu, 16 Apr 2026 09:27 PM IST
विकास कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: विकास कुमार
Updated Thu, 16 Apr 2026 09:27 PM IST
सार
विशाल ने टारजन को पीछे से पकड़ लिया और निराला ने उसके सीने पर चाकू से हमला कर दिया। उसके बाद दोनों भाई वहां से भाग गए।
विज्ञापन
सिगरेट
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
दिल्ली के आजादपुर मंडी में सिगरेट पीने से मना करने पर दो भाइयों ने एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। घायल युवक को उसके भाइयों ने पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त 28 साल के टारजन पासवान के रूप में हुई। मृतक के नाबालिग भाई के बयान पर महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से चाकू बरामद कर लिया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक टारजन अपने दो भाइयों राजा और आशिक के साथ सराय पीपल थला इलाके में रहता था। वह भाइयों के साथ आजादपुर मंडी में कटहल बेचता था। महेंद्र पार्क थाने में दर्ज प्राथमिकी में राजा ने बताया कि 13 अप्रैल को दोनों भाई आजादपुर मंडी में मौजूद थे। उसका भाई टारजन रेहड़ी पर मौजूद था। उसके रेहड़ी के बगल में विशाल नाम का युवक मंडी से गत्ता खरीदकर उसे जमा करता था और फिर उसे अपने भाई निराला के साथ मिलकर कबाड़ी को बेचता था। सुबह करीब 10.30 बजे विशाल उसकी रहेड़ी के पास गत्ता रख रहा था। वहीं टारजन कटहल को काट रहा था। विशाल सिगरेट पी रहा था। जिसका धुआं लगातार विशाल की तरफ आ रहा था। टारजन ने विशाल से सिगरेट पीने से मना किया और कहा कि साइड होकर सिगरेट पी लो।
विज्ञापन
इस बात पर विशाल अचानक भड़क गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। फिर अपने भाई को उसके रेहड़ी पर बुला लिया। आरोप है कि विशाल ने टारजन को पीछे से पकड़ लिया और निराला ने उसके सीने पर चाकू से हमला कर दिया। उसके बाद दोनों भाई वहां से भाग गए। राजा ने अपने भाई आशिक को मौके पर बुलाया और फिर घायल टारजन को लेकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। टारजन बयान देने की हालत में नहीं था। कुछ देर बाद टारजन ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने राजा के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की और घटना के दो दिन बाद आरोपी भाइयों को पकड़ लिया।
विज्ञापन