रूठी बीवी को मना कर घर लाना चाहता था आरोपी, नहीं मानी पत्नी तो ससुर को ही उतार दिया मौत के घाट..
पांडव नगर में रविवार दिनदहाड़े घर के दरवाजे पर ससुर की हत्या करने वाले आरोपी दामाद को पूर्वी जिला स्पेशल स्टाफ पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी की पहचान नीरज कुमार (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी को वापस घर ले जाना चाहता था, लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी। पत्नी ने उल्टा उसके खिलाफ कोर्ट केस कर दिया था।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रभु दयाल (57) परिवार के साथ गली नंबर-7, शशि गार्डन, पांडव नगर में रहते थे। परिवार में पत्नी अनीता देवी और चार बेटियां राखी, कविता, कोमल व वर्षा हैं।
दोनो की हुई थी लव मैरिज
नौकरी के दौरान राखी की मुलाकात नीरज कुमार नामक युवक से हुई। दोनों ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ 24 दिसंबर 2016 को शादी कर ली। कुछ दिनों में दोनों के बीच विवाद हो गया।
18 मार्च 2017 को राखी मायके में आकर रहने लगी। राखी ने कोर्ट में घरेलू हिंसा और रखरखाव के खर्चे का केस डाल दिया। रविवार दोपहर नीरज ने ससुर प्रभु दयाल के सीने में चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह फरार हो गया।
इधर, सोमवार को परिजनों ने संजय झील के पास प्रभुदयाल का शव रखकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ ने मामले की छानबीन की। आरोपी को शशि गार्डन से दबोच लिया गया।