राजौरी गार्डन इलाके में मामूली कहासुनी के बाद घर के सामने खड़ी फॉरच्यूनर गाड़ी में आग लगा दी गई। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि कार से आए तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया।
पेट्रोल डालकर फॉरच्यूनर में आग लगाई
दरअसल, मंगलवार रात में फॉरच्यूनर गाड़ी के मालिक से ओवरटेक करने को लेकर कार सवार आरोपी युवकों की कहासुनी हो गई थी। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक संजीव मकोल (48) परिवार के साथ सुभाष नगर, 11-ब्लॉक में रहते हैं। इनके अपने गेस्ट हाउस हैं। मंगलवार शाम को इनका बेटा विनीत (24) फॉरच्यूनर गाड़ी से कनॉट प्लेस आया था।
देर रात घर लौटते समय बिंद्रा पार्क के पास क्रूज कार सवार युवकों ने उसकी कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक न कर पाने पर आरोपियों ने विनीत को धमकाना शुरू कर दिया। दोनों ओर से हुई कहासुनी के बाद आरोपी चले गए।
रात 11.30 बजे विनीत ने फॉरच्यूनर को घर के सामने खड़ी कर दी। इस बीच देर रात 1.45 बजे विनीत की मां की आंख खुली तो उन्होंने देखा कि घर के सामने खड़ी फॉरच्यूनर कार में आग लगी थी।