NDMC Budget : सौर ऊर्जा से जगमग होगी लुटियंस की दिल्ली, इलाके में सौंदर्यीकरण पर भी रहेगा जोर
पूरे इलाके का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। तकनीक का सहारा लेकर महिला सुरक्षा को पुख्ता करने की योजना है। नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में इन योजनाओं के लिए विशेष प्रावधान किया है। बृहस्पतिवार एनडीएमसी का बजट पास हो गया।
विस्तार
लुटियंस की दिल्ली सौर ऊर्जा से जगमग होगी। पूरे इलाके का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। तकनीक का सहारा लेकर महिला सुरक्षा को पुख्ता करने की योजना है। नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में इन योजनाओं के लिए विशेष प्रावधान किया है। बृहस्पतिवार एनडीएमसी का बजट पास हो गया।
एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंदा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कॉरपोरशन को 5770.60 करोड़ रुपये की आय होगी। वहीं, 5307.20 करोड़ रुपये व्यय का प्रावधान है। एनडीएमसी के बजट में नई दिल्ली को टिकाऊ शहरी जीवन के लिए एक मॉडल शहर बनाने पर जोर है। इसमें संपत्ति कर दरों में वृद्धि नहीं करने का प्रस्ताव रखा है। इसके बदले एनडीएमसी को अपनी राजस्व संग्रहण प्रणाली को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
केशव चंद्र के मुताबिक, कॉरपोरेशन पारदर्शिता, दक्षता और आधुनिक शासन के प्रति प्रतिबद्धत है। इसके लिए मोबाइल एप, ऑनलाइन पोर्टल और क्यूआर सहित मौजूदा डिजिटल भुगतान चैनलों के विस्तार होगा। इससे शत प्रतिशत डिजिटल भुगतान प्रणाली और सुव्यवस्थित डिजिटल प्लेटफार्मों में बदलाव संभव होगा। वहीं, कारपोरशन के बिलिंग काउंटर पर कोड सिस्टम का भी प्रस्ताव है। इस सबका आगामी बजट में प्रावधान है।
सौर ऊर्जा कोे बढ़ावा दिया जाएगा: एनडीएमसी अपने भवनों और सार्वजनिक स्थानों पर सौर ऊर्जा को अपनाने को बढ़ावा देगी। इसके लिए कारपोरशन ने शत-प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा में बदलाव की महत्वाकांक्षी यात्रा भी शुरू की है। इसका मकसद कार्बन फुटप्रिंट कम करने के साथ गरीब व मध्यम आय वर्ग के बिजली बिल को कम करना है। एनडीएमसी क्षेत्र के निवासियों को छत पर सौर ऊर्जा ग्रिड स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करके हासिल किया जाएगा। एनडीएमसी के पास 234 मौजूदा सौर कनेक्शन हैं।
महिला सुरक्षा होगी पुख्ता, सेफ सिटी प्रोजेक्ट होगा शुरू
एनडीएमसी ने महिलाओं की सुरक्षा पुख्ता करने का बड़ा प्लान तैयार किया है। दिल्ली पुलिस के साथ कारपोरशन सुरक्षित शहर परियोजना (सेफ सिटी प्रोजेक्ट) शुरू करेगा। इसमें पुलिस के साथ सीसीटीवी कैमरे के फुटेज साझा किया जाएगा। इसके लिए लाइन बिछाने का काम अवार्ड करने की प्रक्रिया चल रही है। जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे। वित्तीय वर्ष के आखिर तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा अंधेरे स्थानों की पहचान की जा रही है।इसके बाद पूरे इलाके में जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगेंगी। इससे सरेराह आम लोग, खासतौर से महिलाएं असुरक्षित महसूस नहीं करेंगी।
- बढ़ेगी सुंदरता, प्रदूषण होगा कम: एनडीएमसी अपने इलाके में हरियाली बढ़ाने के साथ सौंदर्यीकरण बेहतर करने पर काम कर रही है। सभी प्रमुख उद्यानों के डिजाइन व विकास के लिए पूरा लैंडस्केप सुधारा जाना है। इसके लिए विशेषज्ञ वास्तुविद नियुक्त होंगे। इसके अलावा वायु प्रदूषण के संबंध में कई सक्रिय पर्यावरण सुधार उपायों के तहत धूल के प्रसार को कम करने के लिए एनडीएमसी अपने क्षेत्र में बिजली के खंभों पर मिस्ट स्प्रे की व्यवस्था करेगी।
शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा
एनडीएमसी ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मॉडल स्कूल में परिवर्तित करने के लिए पंडारा रोड स्थित नवयुग स्कूल में स्कूल के बुनियादी ढांचे को बेहतर करने का प्रावधान है। सभी 43 एनडीएमसी व नवयुग स्कूलों की प्राथमिक कक्षाओं में आईएफपी आधारित 346 स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की जाएगी। एनडीएमसी और नवयुग स्कूलों के टीजीटी और पीजीटी के साथ-साथ दसवीं से बारहवीं के छात्रों को 6181 टैबलेट दिए जाएगे। बच्चें को यूनिफॉर्म नए डिजाइन की दी जाएगे। स्कूलों और अन्य स्थानों में 251 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएगे और अत्याधुनिक तकनीक के साथ इनोवेशन लैब स्थापित की जाएगी।
आर्ट व कल्चर विभाग की स्थापना होगी
एनडीएमसी ने आर्ट व कल्चर को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में आर्ट व कल्चर विभाग की स्थापना की जाएगी। वह अगले वर्ष कलाकृतियां व मूर्तियां स्थापित करने पर जोर देगी। सभी प्रमुख चौराहों, गोल चक्करों के साथ सड़कों के किनारे जहां भी जगह उपलब्ध होगी, आकर्षक मूर्तियां लगवाई जाएंगी। साथ में वाल पेंटिंग भी होगी। इसके अलावा कलाकारों के लिए रचनात्मक केंद्र बनाने और जी-20 देशों के राजदूतों के साथ मासिक सांस्कृतिक उत्सव आयोजित करेगी।