दिल्ली में दो दिन बंद रहेंगे शराब ठेकों के शटर: आबकारी विभाग ने जारी किया आदेश, ये बताया अचानक फैसले का कारण
यह फैसला मौजूदा स्थिति और दिल्ली पुलिस से प्राप्त इनपुट के आधार पर सार्वजनिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एक एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है।
विस्तार
दिल्ली सरकार ने मौजूदा हालातों और सार्वजनिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया है। आबकारी विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शराब के ठेकों को बंद करने का यह कदम दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर एक एहतियाती उपाय के रूप में उठाया गया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध
दिल्ली में सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 9 और 10 अक्तूबर को सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। यह आदेश मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों द्वारा कथित 'वोट चोरी' के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर आया है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।
भारी पुलिस बल तैनात
सीजेपी के इस प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में 20,000 से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर किसी भी विरोध प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है, और लोगों से किसी भी अनधिकृत सभा में शामिल होने से बचने की अपील की गई है।