नोएडा में नशे के तस्करों ने पुलिस के मुखबिर को पीटकर मार डाला
नोएडा सेक्टर-9 में मंगलवार रात को एक युवक को कुछ लोगों ने सड़क पर जमकर पीटा और मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां बुधवार रात को उसकी मौत हो गई।
वहीं, युवक के भाई का आरोप है कि पुलिस का मुखबिर होने से नशा तस्करों ने उसकी हत्या की है। भाई ने झुंडपुरा चौकी व पीसीआर-34 पर तैनात पुलिस कर्मियों पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
मूलरूप से बिहार निवासी नवाब सेक्टर-9 की झुग्गी रहकर मजदूरी करता था। नवाब के भाई का आरोप है कि दो दिन पहले सेक्टर-9 की झुग्गी में मंजू के घर के सामने सलमान व उसके साथियों ने घेराबंदी कर नवाब पर रॉड व सरिये से हमला कर दिया था।
उन्होंने झुंडपुरा पुलिस चौकी पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। पीसीआर-34 भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन घटना की वीडियो बना रहे हमलावर युवकों के साथी ने पुलिसकर्मियों से सांठगांठ कर उन्हें बिना कोई कार्रवाई किए लौटा दिया था।
बुधवार शाम को थाना सेक्टर-20 में जब परिजन अन्य झुग्गी वालों के साथ पहुंचे तो दबाव बनने पर पुलिस ने हमले की रिपोर्ट दर्ज की और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। इधर, पुलिस के मुताबिक, आरोपी का कहना है कि नवाब ने उससे शराब ली थी, लेकिन पैसे नहीं दे रहा था।
पुलिस की मुहिम से जुड़ा था नवाब
भाई का आरोप है कि नवाब क्षेत्र में होने वाली शराब व गांजा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम में पुलिस से जुड़ा हुआ था। उसकी सूचनाओं पर कई तस्कर गिरफ्तार हुए थे। इसी कारण तस्करों ने उसकी हमला करके हत्या कर दी।
दो माह पहले क्षेत्र की कुख्यात शराब तस्कर नूरी नेे साथियों के साथ मिलकर नवाब को अगवा करके बंधक बना लिया था। बेल्ट से उसे जमकर पीटा गया था। नूरी को शक था कि शराब व गांजा तस्करी में पकड़े जा रहे उसके साथियों की सूचनाएं नवाब पुलिस को दे रहा है। कुछ दिनों बाद नूरी व उसके गुर्गे भी पुलिस के हाथ चढ़ गए थे जो अब तक जेल में हैं।
सैकड़ों लोगों ने शव रखकर थाने में किया प्रदर्शन
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया था। परिजन शव को लेकर सीधे थाना सेक्टर-20 पहुंचे और थाना परिसर में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में झुग्गी में रहने वाले लोग शामिल थे। आननफानन में आसपास के थानों की पुलिस भी थाना सेक्टर-20 पहुंच गई। ऐसे में थाने के बाहर जाम जैसी स्थिति बन गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पुलिस की मदद करने का खामियाजा नवाब ने भुगता है। पुलिस घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे और परिवार को मुआवजा दे। आधे घंटे बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
मामले की जांच की जा रही है। यह शराब के पैसे के लेनदेन का मामला है। आरोपियों के खिलाफ सख्य कार्रवाई होगी। फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। - राजवीर सिंह चौहान, सेक्टर-20 थाना प्रभारी