LG बीजेपी को सरकार बनाने के लिए बुलाए: AAP
दिल्ली में नई सरकार के गठन या फिर से चुनाव कराने के बारे में आम आदमी पार्टी (आप) ने उपराज्यपाल को एक चिट्ठी लिखी है। सुप्रीम कोर्ट के बृहस्पतिवार के फैसले के मद्देनजर आप ने एलजी नजीब जंग से गुजारिश की है कि भाजपा के सरकार बनाने से इनकार करने की हालत में दिल्ली विधानसभा भंग की जानी चाहिए।
आप की तरफ से शुक्रवार को प्रशांत भूषण ने गुजारिशी चिट्ठी भेजी। इसमें दिल्ली के मौजूदा सियासी हालात का जिक्र किया गया है। पार्टी ने सिलसिलेवार तरीके से एलजी को बताया है कि सुप्रीम कोर्ट ने आप की याचिका पर पहले केंद्र सरकार को नोटिस किया था, फिर कांग्रेस व भाजपा को।
सीधा जवाब देने से बच रही है कांग्रेस-बीजेपी
अदालत ने सरकार बनाने के मसले पर दोनों पार्टियों की मर्जी पूछी थी। आप का कहना है कि दोनों पार्टियों ने सरकार गठन पर सीधा जवाब नहीं दिया। इसकी जगह उन्होंने विधानसभा के निलंबन को सही ठहराने की कोशिश की। लिहाजा अदालत ने इसे एलजी की इच्छा पर छोड़ दिया है।
चिट्ठी में आगे आप ने एलजी से गुजारिश की है कि वह भाजपा से सरकार बनाने के बारे में पूछें। भाजपा का जवाब अगर नकारात्मक रहता है तो राष्ट्रपति से विधानसभा भंग करने की सिफारिश करनी चाहिए ताकि दिल्ली वालों को नई चुनी हुई सरकार मिल सके।