अक्तूबर के पहले हफ्ते तक विदा होगा मानसून, छह साल बाद सामान्य से अधिक हुई बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में आम तौर पर मानसून सितंबर के पहले हफ्ते तक विदा ले लेता है, लेकिन इस बार उसकी विदाई देर से होगी। मौसम विभाग के मुताबिक अक्तूबर के पहले हफ्ते तक मानसून रहने की संभावना है, जो सामान्य समय से एक महीना अधिक है।
मौसम विभाग के निदेशक मृत्युंजय मोहापात्रा ने कहा कि अभी अगले दस दिनों तक और बारिश होने की संभावना है। आमतौर पर मानसून की शुरुआत हर वर्ष जून में होती है और यह सितंबर के पहले हफ्ते तक रहता है लेकिन इस साल मौसम के हालात को देखते हुए मानसून के अक्तूबर के पहले हफ्ते के अंत तक खत्म होने के आसार हैं। मोहापात्रा ने कहा, कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था के लिए मानसून अहम है, लेकिन अधिक बारिश से फसलों को नुकसान होता है और अगली फसल की बुआई में देरी होती है।
गन्ने और धान की फसल को नुकसान
इस बार सामान्य समय के बाद तक बारिश होने के कारण कई राज्यों में बाढ़ आई और सैकड़ों लोग मारे गए। मोहापात्रा ने कहा कि मानसून के एक माह अधिक खिंचने से दक्षिण व पश्चिमी इलाकों में बाढ़ का संकट बढ़ गया जिससे गन्ने और धान की फसलों को नुकसान हुआ है।
छह साल में पहली बार औसत से अधिक बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले छह सालों में पहली बार है जब मानसून में बारिश औसत से अधिक रही। जून में करीब आठ दिन देर से शुरू होने के बाद करीब एक माह अधिक समय तक रहे मानसून के बाद उम्मीद है कि इस साल कुल बारिश सामान्य से अधिक रहेगी। इस साल जून पिछले पांच साल में सबसे सूखा रहा और अगस्त व सितंबर में एलनीनो और हिंद महासागर डाइपोल के अनुकूल होने से अच्छी बारिश हुई।