व्हाट्स एप मैसेज देखकर दबाया ATM का बटन, निकलने लगे नोट
साइबर अपराधियों ने शहर के चार एटीएम से 25.40 लाख रुपये उड़ा लिए। अलग-अलग जगहों पर चारों एटीएम की प्रोग्रामिंग हैक कर सेंट्रल सरवर से डिसकनेक्ट करके वारदात एक ही दिन में अंजाम दी गईं।
इस संबंध में दो मामले सेक्टर-20 और सेक्टर-24 थाने में आईटी एक्ट में दर्ज किए गए हैं। जबकि दो वारदात अभी दर्ज नहीं की गई हैं। तीन जगहों पर पहचान छिपाने के लिए बदमाशों ने सीसीटीवी कनेक्शन भी बंद कर दिया था। जबकि सेक्टर-27 के ओबीसी बैंक की ब्रांच के सीसीटीवी में घटना रिकार्ड हुई है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-27 में विनायक अस्पताल के पास ओबीसी बैंक की ब्रांच के साथ बैंक का एटीएम बूथ है। 31 जनवरी को रविवार होने से ब्रांच बंद थी। एटीएम के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में सुबह 9:10 बजे एक युवक अंदर घुसता दिखाई दिया।
औजार से मशीन के बटन वाले हिस्से को खोला
शख्स ने साथ लाए औजार से मशीन के बटन वाले हिस्से को खोला। फिर लैपटॉप से कुछ टाइप किया। इसके बाद मशीन की स्क्रीन पर मेसेज लिखा आया।
युवक ने मोबाइल के कैमरे से उसकी फोटो खींचकर किसी को व्हाट्स ऐप के जरिये भेज दी। कुछ ही देर में मोबाइल पर व्हाट्स ऐप पर रिप्लाई आया, जिसे देखकर युवक ने मशीन का बटन दबाया तो चंद सेकेंड में ही मशीन से रुपये बाहर निकलने शुरू हो गए।
40 मिनट में उसने करीब एक दर्जन बार मशीन के अलग-अलग बटन दबाकर 5.40 लाख रुपये निकाल लिए। अगले दिन बैंक अफसरों को इसका पता चला तो थाना सेक्टर-20 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
वहीं, इसी दिन सेक्टर-24 में आईसीआईसीआई बैंक, सेक्टर-49 में यस बैंक और एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ से इसी तरह रुपये उड़ा लिए गए।
सुबह 6:30 बजे सीसीटीवी का कनेक्शन कट गया था
बैंक ब्रांच से अलग इन एटीएम में कैश लोड करने का ठेका एक निजी कंपनी के पास है। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया जांच में पता चला है कि सेक्टर-49 के येस बैंक में 31 जनवरी की सुबह 6:30 बजे सीसीटीवी का कनेक्शन कट गया था।
इस एटीएम से 2.60 लाख रुपये निकाले गए हैं। उसी दिन सेक्टर-49 के एक्सिस बैंक से 8.40 लाख रुपये निकाले गए। यहां सीसीटीवी कैमरा पहले से काम नहीं कर रहा था। सेक्टर-24 में आईसीआईसीआई बैंक का सीसीटीवी कनेक्शन दोपहर 2:10 बजे बंद हुआ था।
यहां से 9 लाख रुपये निकाले गए हैं। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने 9 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन सेक्टर-49 पुलिस ने अभी दोनों मामले दर्ज नहीं किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।