किसान क्रांति पदयात्रा को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं, बॉर्डर सील, धारा 144 लागू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार से दिल्ली के किसान घाट आ रही किसान क्रांति पदयात्रा को देखते हुए पूर्वी दिल्ली व उत्तर-पूर्वी दिल्ली में धारा 144 लागू कर दी गई है। एक जगह पर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा व यूपी से दिल्ली आने वाले बॉर्डरों को सील कर दिया गया है। पदयात्रा में आने वाले किसानों पर नजर रखने के लिए बॉर्डरों पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी नजर रखे हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने किसान क्रांति पदयात्रा को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के अध्यक्ष राकेश टिकैत हरिद्वार से किसान घाट तक किसान क्रांति पदयात्रा आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने गाजियाबाद, प्रीत विहार, गीता कॉलोनी फ्लाईओवर होते हुए दो अक्टूबर को दिल्ली में प्रवेश करने की घोषणा की है। भारी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों से दिल्ली की तरफ आ रहे हैं। भारी संख्या में किसानों के दिल्ली आने से कानून एवं व्यवस्था की हालत खराब होने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा सकती है। इसे देखते हुए पूर्वी जिला व उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सोमवार शाम धारा 144 लागू कर दी गई। इन जिलों में धारा 144 आठ दिन तक लागू रहेगी। एक जगह पर पांच या उससे अधिक लोगों के मुख्य रोड व चौराहों पर एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा।
किसी भी तरह की पंचायत, धरने और आम लोगों के जीवन को खतरे में डालने वाली गतिविधि पर प्रतिबंध रहेगा। हथियार (लाइसेंस वाले हथियार), तलवार, चाकू, लाठी-डंडा आदि रखने पर भी प्रतिबंध रहेगा। ट्रैक्टर-ट्रॉली व खेती से संबंधित उपकरणों के दिल्ली में लाने पर प्रतिबंध रहेगा। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार बॉर्डरों को सील कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस को ये भी सूचना मिली है कि हरियाणा से भी काफी किसान पदयात्रा में शामिल होने के लिए दिल्ली आ सकते हैं। इसे देखते हुए दिल्ली व हरियाणा बॉर्डरों को भी सील कर दिया गया है।
मेरठ एक्सप्रेसवे की तरफ जाने से बचें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, गाजीपुर बॉर्डर पर भारी संख्या में किसानों के एकत्रित होने की वजह से गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार जाने वाले लोग मेरठ एक्सप्रेसवे, गाजीपुर बॉर्डर की तरफ जाने से बचें। लोग गाजीपुर चौक, रोड नंबर-56, आनंद विहार, अप्सरा बॉर्डर, जीटी रोड, मोहन नगर होकर गाजियाबाद जा सकते हैं। इसके अलावा आईएसबीटी कश्मीरी गेट, जीटी रोड, शाहदरा, दिलशाद गार्डन और मोहन नगर होकर गाजियाबाद जा सकते हैं। डीएनडी फ्लाईओवर, नोएडा लिंक रोड, महामाया फ्लाईओवर, नोएडा होकर जा सकते हैं। फरीदाबाद से आने वाले वाहन मथुरा रोड, रोड नंबर-13, कालिंदी कुंज व महामाया फ्लाईओवर होकर जा सकते हैं। बॉर्डर इलाकों में जाने से बचें।