खेलते-खेलते कार में घुसा मासूम, गाड़ी हो गई लॉक और बच्चे की दम घुटने से मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रानीबाग इलाके में छह साल का मासूम खेलते-खेलते घर के सामने खड़ी कार में बंद हो गया। सेंट्रल लॉक होने की वजह से दरवाजे बंद हो गए और मासूम का कार में दम घुट गया। इधर, परिजन दिन भर बच्चे की तलाश करते रहे।
शाम को जब कार मालिक ने गाड़ी का दरवाजा खोला, तो चालक की बराबर वाली सीट पर मासूम बेसुध पड़ा था। फौरन बच्चे को भगवान महावीर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कार मालिक ने ही पुलिस को कॉल कर घटना की सूचना दी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि किसी तरह कार का दरवाजा खुला रह गया और मासूम कार में घुस गया, जिसके बाद कार सेंट्रल लॉक हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त सोनू (6) के रूप में हुई। वह अपने पिता रामगोपाल व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ संतनगर रानीबाग इलाके में रहता था। रामगोपाल रेहड़ी लगाता है।
परिजनों का कहना है कि सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे खेलते-खेलते सोनू अचानक गायब हो गया। परिजन सोनू की तलाश में लगे रहे, लेकिन किसी ने भी घर के सामने खड़ी हुंडई एसेंट कार में झांककर नहीं देखा। शाम करीब चार बजे कार मालिक ने दरवाजा खोला, तो हादसे की जानकारी हुई।
कार मालिक का कहना है कि सुबह के समय उसने अपनी गाड़ी सोनू के घर के सामने खड़ी की थी। कार को सेंट्रल लॉक भी कर दिया था, जिसकी चाबी उसके पास ही थी। शाम को जब वह कार खोलने के लिए वहां पहुंचा, तब भी गाड़ी लॉक ही थी।
गर्मी के कारण झुलस गया था शव
अब मासूम कार के अंदर कैसे पहुंचा, इसकी उसे जानकारी नहीं है। इधर, जिला पुलिस उपायुक्त मिलिंद डूंबरे ने बताया कि शुरुआती जांच के बाद ऐसा लगता है कि लॉक करते समय कार का दरवाजा खुला रह गया और सोनू खेलता हुआ उसमें दाखिल हो गया।
इसके बाद वह कार का दरवाजा नहीं खोल सका। कार में ही तेज गर्मी व दम घुटने के कारण सोनू की मौत हो गई। पुलिस सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर रही है।
सोनू के शरीर पर भी गर्मी का पूरा सितम देखने को मिला। पुलिस के मुताबिक, ऐसा लगता है कि कार में दाखिल होने के कुछ ही देर बाद सोनू की तेज गर्मी के कारण दम घुटने से मौत हो गई। कार में बनी हिट से उसका शव भी बुरी तरह झुलस गया। शाम चार बजे जब सोनू को कार से निकाला गया, तो उसका शरीर बुरी तरह झुलसा हुआ था। हालांकि बच्चे की मौत की सही वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा