पटना में केजरीवाल को दिखाए गए काले झंडे, लगे वापस जाओ के नारे
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को बिहार की राजधानी पटना पहुंचते ही विरोध का सामना करना पड़ा। केजरीवाल जैसे ही पटना पहुंचे, उनके खिलाफ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन कर कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और केजरीवाल वापस जाओ के नारे लगाए। पटना एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने नारा लगाया कि केजरीवाल ने अन्ना को धोखा दिया। बता दें कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, नीतीश कुमार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार गए हैं।
प्रदर्शनकारी बोले- अन्ना को धोखा दिया
गौरतलब है कि बिहार सम्मान के समारोह में अरविंद केजरीवाल के बुलावे पर नीतीश कुमार भी दिल्ली आए थे। समारोह में केजरीवाल और नीतीश एक साथ मंच पर दिखाई दिए।
इसके बाद नीतीश कुमार ने केजरीवाल को बिहार आने का निमंत्रण दिया था। हाल ही के दिनों में दोनों नेताओं के बीच कई मुलाकात हो चुकी है।
जबकि आम आदमी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ पहले ही प्रचार करने की बात कह चुकी है।
ऐसे में राजनैतिक समीकरणों के मुताबिक नीतीश कुमार बिहार में अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता और छवि को भुनाना चाहते हैं।