दिल्ली विधानसभा चुनावः चार गुना से ज्यादा बढ़ी केजरीवाल की चल संपत्ति, स्वास्थ्य मंत्री हुए गरीब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चल संपत्तियों में पिछले पांच वर्षों में करीब साढ़े चार गुना इजाफा हुआ है। केजरीवाल के चुनावी हलफनामे के मुताबिक 2015 में उनके पास 2.26 लाख की चल संपत्तियां थीं जो अब 9.95 लाख हो गई हैं। वहीं, उनकी अचल संपत्तियों में करीब दोगुना इजाफा हुआ है। 2015 में केजरीवाल की कुल अचल संपत्तियां 92 लाख की थीं, लेकिन 2019 में यह आंकड़ा बढ़कर 1..77 करोड़ हो गया। केजरीवाल की सरकार में शामिल मंत्रियों की संपत्तियों में भी वृद्धि हुई है। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री सहित अधिकांश मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले भी बढ़ गए हैं।
पत्नी के रिटायरमेंट से बढ़ी संपत्ति
केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की चल संपत्तियां बीते पांच वर्षों में करीब चार गुना बढ़ी हैं। 2015 में उनके पास 15..28 लाख की चल संपत्ति थी जो अब 57 लाख हो गई है। बता दें कि सुनीता ने भारतीय राजस्व सेवा से समय पूर्व रिटायरमेंट लिया और इसके एवज में उन्हें करीब 32 लाख रुपए मिले। मुख्यमंत्री के खिलाफ अदालती मामलों की संख्या भी पांच साल में दोगुनी हो गई। 2015 में उनके खिलाफ सात मामले थे। 2020 में इनकी तादाद 13 हो गई है।
2015 में
चल संपत्ति- 2.26 लाख
अचल संपत्ति- 92 लाख
अदालती मामले- 7
2020 में
चल संपत्ति- 9.95 लाख
अचल संपत्ति- 1.77 करोड़
अदालती मामले- 13
सिसोदिया की चल संपत्ति पहले जैसी
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की चल संपत्तियों में खास इजाफा नहीं हुआ। 2015 में उनके पास 12 लाख की अचल संपत्ति थी जो 2020 में बढ़कर 21 लाख हो गई। उनकी पत्नी सीमा सिसोदिया ने 2015 में 20 लाख रुपए मूल्य की अचल संपत्ति घोषित की थी। नए हलफनामे के अनुसार सीमा क पास अब 65 लाख रुपए की अचल संपत्तियां हैं। सिसोदिया के खिलाफ हालांकि अदालती मामले कम हुए हैं। 2015 में उन पर छह मामले दर्ज थे जो कम होकर तीन रह गए हैं।
2015 में
चल संपत्ति- 4.92 लाख
अचल संपत्ति- 12 लाख
अदालती मामले- 5
2020 में
चल संपत्ति- 4.74 लाख
अचल संपत्ति- 21 लाख
अदालती मामले- 3
गरीब हुए स्वास्थ्य मंत्री
दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन अकेले ऐसे मंत्री हैं जिनकी संपत्ति पिछले पांच साल में कम हो गई। मंत्री ने 2015 में 62.3 लाख रुपए मूल्य की चल संपत्ति घोषित की थी। 2020 में उन्होंने केवल 26.5 लाख की चल संपत्ति घोषित की है। जैन की अचल संपत्तियों में पिछले पांच साल में कोई बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, जैन की पत्नी पूनम की संपत्ति इस दौरान बढ़ी है। पांच साल पहले पूनम जैन के पास 86.3 लाख की चल संपत्ति थी जो बढ़कर 1.49 करोड़ रहो गई। 2015 में सत्येंद्र जैन के खिलाफ एक भी अदालती मामला नहीं था, लेकिन फिलहाल दो मामले अदालत में लंबित हैं।
2015 में
चल संपत्ति- 62.3 लाख
अचल संपत्ति- 4.12 करोड़
अदालती मामले- 0
2020 में
चल संपत्ति- 26.5 लाख
अचल संपत्ति- 4.12 करोड़
अदालती मामले- 0
कैलाश गहलोत की संपत्ति सबसे ज्यादा बढ़ी
केजरीवाल सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत की संपत्तियां बीते पांच साल में सबसे ज्यादा बढ़ी हैं। गहलोत ने 2015 में 61.3 लाख रुपए की चल संपत्ति घोषित की थी। 2020 में उनके पास 8.09 करोड़ की चल संपत्ति है यानी 2015 से करीब 13 गुना ज्यादा। गहलोत की अचल संपत्ति में भी इजाफा हुआ है। 2015 में 17.38 करोड़ से बढ़कर 2020 में उनके पास 25 करोड़ की अचल संपत्ति है। गहलोत के खिलाफ 2015 में एक भी अदालती मामला नहीं था और 2020 में भी इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ।
2015 में
चल संपत्ति- 61.3 लाख
अचल संपत्ति- 17 करोड़
अदालती मामले- 0
2020 में
चल संपत्ति- 8.09 करोड़
अचल संपत्ति- 25 करोड़
अदालती मामले- 0
गोपाल राय की संपत्ति हुई 23.86 लाख
श्रम मंत्री गोपाल राय के पास फिलहाल 23.86 लाख रुपए मूल्य की चल संपत्ति है। पांच साल पहले उनकी चल संपत्ति का मूल्य करीब 2.17 लाख था। 2015 से 2020 के बीच उवकी अचल संपत्ति भी 45 लाख से बढ़कर 85 लाख हो गई। राय के खिलाफ 2015 में दो अदालती मामले चल रहे थे। फिलहाल एक मामला लंबित है।
गोपाल राय
2015 में
चल संपत्ति- 2.1 लाख
अचल संपत्ति- 45 लाख
अदालती मामले- 2
2020 में
चल संपत्ति- 23 लाख
अचल संपत्ति- 58 लाख
अदालती मामले- 1
राजेंद्रपाल गौतम भी बने संपत्ति के मालिक
सामाजिक कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम के पास 2015 में कोई अचल संपत्ति नहीं थी, लेकिन इस बार उन्होंने 66 लाख रुपए मूल्य की अचल संपत्ति घोषित की है। गौतम की चल संपत्ति भी 2015 में 11 लाख से दोगुनी बढ़कर 23.48 लाख की हो गई। मंत्री की पत्नी ने 2020 में 76 लाख रुपए मूल्य की चल संपत्ति का खुलासा किया है जो 2015 में 25 लाख थी। गौतम के खिलाफ 2015 में एक भी अदालती मामला नहीं था और अब भी इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ।
2015 में
चल संपत्ति- 11 लाख
अचल संपत्ति- 0
अदालती मामले- 0
2020 में
चल संपत्ति- 23.4 लाख
अचल संपत्ति- 66 लाख
अदालती मामले- 0
अमानतुल्ला खान की संपत्ति भी बढ़ी
अक्सर चर्चा में रहने वाले ओखला के विधायक अमानतुल्ला खान की चल संपत्तियों का मूल्य 2015 से 2020 के बीच 1.7 लाख से बढ़कर 3.7 लाख हो गया। 2015 में खान के पास 65 हजार प्रति वर्ग गज के मूल्य की अचल संपत्ति थी जो विवादित थी। अब उनकी अचल संपत्तियों का मूल्य 2.7 करोड़ हो गया है। हालांकि, खान के खिलाफ अदालती मामले सबसे ज्यादा बढ़े हैं। 2015 में उनके खिलाफ एक मामला था, अब ऐसे मामलों की संख्या 9 हो गई है।