Delhi Election 2020: केजरीवाल का दावा, किसी दागी को टिकट नहीं दिया और न ही पार्टी में लेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने टिकट कटने से नाराज आम आदमी पार्टी (आप) विधायकों के जख्मों पर मरहम लगाने की गरज से दावा किया कि सभी आप परिवार का हिस्सा हैं और आगे भी बने रहेंगे। साथ ही इस आरोप को सिरे से खारिज किया कि पार्टी ने किसी दागी को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा, आप थ्री सी (करेक्टर, करप्शन और क्राइम) के अपने सिद्धांत से कोई समझौता नहीं करेगी।
पार्टी दफ्तर में आप विधायकों के आरोपों पर केजरीवाल ने कहा कि जब व्यक्ति नाराज होता है तो इस तरह की बातें करते हैं। इस पर कोई जवाब देना ठीक नहीं है। उन्होंने माना कि जो लोग टिकट पाने से रह गए हैं वह भी पार्टी के परिवार का हिस्सा हैं और आगे भी रहेंगे।
पार्टी ने टिकट देते वक्त ध्यान रखा है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग, भ्रष्ट और बुरे चरित्र वालों को आप में न तो शामिल किया है और न ही ऐसे किसी नेता को टिकट दिया गया है।
पार्टी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन
जिस वक्त केजरीवाल पार्टी दफ्तर में मीडिया से बात कर रहे थे, उसी दौरान राजौरी गार्डन से आप उम्मीदवार के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा था। खुद का नाम स्मिता बताते हुए एक महिला ने आरोप लगाया कि उम्मीदवार के परिवार के एक लड़के ने दुष्कर्म किया है।
बावजूद उसे पार्टी ने टिकट दिया है। महिला उम्मीदवार का टिकट काटने की मांग कर रही थी। इस बारे में सांसद संजय सिंह ने कहा है कि आरोप निराधार है। आरोपी व्यक्ति का उस परिवार से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। फिर भी, शिकायत है तो पार्टी अपने स्तर पर जांच करेगी।
चुनाव की फिक्र न करें, बजट में दिल्ली को दें सौगात
आम बजट आने से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से अपील है कि वह बगैर चुनाव की फिक्र किए दिल्ली की बेहतरी के लिए बजटीय आवंटन करे। इसके लिए केजरीवाल ने केंद्र सरकार को पत्र लिखने की बात भी कही है।
केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को पार्टी दफ्तर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव की वजह से दिल्ली का विकास नहीं रुकना चाहिए। एक फरवरी को आम बजट आना है। इसमें दिल्ली की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार नई-नई योजनाओं की घोषणा करे।
हालांकि, दिल्ली में चुनाव आचार संहिता लागू होने से नई घोषणाएं नहीं हो सकती, लेकिन केंद्र से अपील है कि बजट में प्रदूषण, सीवर, ट्रांसपोर्ट, यमुना को अविरल करने से जुड़ी घोषणाएं की जाएं। केजरीवाल के मुताबिक, उन पर कई नेताओं ने दबाव डाला है कि चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आम बजट टालने की मांग करें, लेकिन यह ठीक नहीं है।
चुनाव की वजह से दिल्ली का विकास प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, जो पार्टी जीतेगी, वह बजटीय प्रावधानों का इस्तेमाल कर दिल्ली के विकास की राह आसान करे। उन्होंने बताया कि इस मामले में एमसीडी से भी कोई भेदभाव नहीं करना चाहिए। एमसीडी के लिए भी बजटीय आवंटन होना चाहिए।