केजरीवाल ने राम्या के बहाने पीएम पर किया हमला, पाकिस्तान यात्रा पर उठाया सवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कन्नड़ अभिनेत्री व कांग्रेस नेता राम्या के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाकिस्तान यात्रा पर सवाल किया है। केजरीवाल का मानना है कि अगर राम्या के खिलाफ देशद्रोह का मामला बनता है तो प्रधानमंत्री की पाक यात्रा और आईएसआई को भारत बुलाने पर क्यों नहीं?
दरअसल, राम्या ने पिछले दिनों पाकिस्तान की तारीफ करते हुए रक्षा मंत्री के पाक के नरक वाले बयान को गलत बताया। राम्या ने दावा किया कि पाकिस्तान के लोग किसी हिंदुस्तानी की तरह ही हैं और वह अच्छे मेहमाननवाज हैं।
राम्या के बयान से खफा एक वकील ने राम्या के खिलाफ स्थानीय अदालत में देशद्रोह की शिकायत दर्ज कराई है। केजरीवाल ने देशद्रोह के मामले में प्रधानमंत्री को कटघरे में खड़ा किया है।
'राष्ट्रद्रोह के नाम पर किया जा रहा है प्रताड़ित'
ट्विटर पर इससे जुड़ी एक पोस्ट शेयर करते हुए केजरीवाल ने लिखा, मोदी जी तो नवाज शरीफ के जन्मदिन पर पाक गए थे। आईएसआई को पठानकोट बुलाया था। इस पैमाने से तो....।
दूसरी तरफ पार्टी नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार बेवजह बुनियादी मसलों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। राष्ट्रद्रोह के नाम पर देशवासियों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
राम्या के मामले को बेवजह राष्ट्रवाद से जोड़ा जा रहा है। अगर राम्या गलत है तो प्रधानमंत्री की पाक यात्रा को किस तरह सही ठहराया जा सकता है। देश की जनता इसे समझ रही है। अगले चुनावों को इसका जवाब दिया जाएगा।