केजरीवाल ने की नीतीश को वोट देने की अपील
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दोहराया कि बिहार में भाजपा की हार जरूरी है। जिससे भाजपा को इसका एहसास हो सके कि देश में ‘नफरत की राजनीति’ नहीं चलेगी। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने भी बिहार चुनाव पर मुख्यमंत्री के सुर में सुर मिलाया है।
बुधवार सुबह अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर भाजपा पर हमला बोलते हुए बिहार के लोगों से जदयू प्रमुख नीतीश कुमार को वोट देने की अपील भी की।
उन्होंने यह भी लिखा, कि ‘लोग प्यार व शांति चाहते हैं, न कि नफरत।’ इतना ही नहीं, दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों से भी केजरीवाल ने अपील की कि वह बिहार में अपने संबंधियों एवं दोस्तों को फोन करके नीतीश के हक में मतदान की अपील करें।
‘विकास’ की जगह ‘बीफ’ ने ले रखी है
दूसरी तरफ केजरीवाल के ट्वीट के साथ ही आप के फेसबुक अकाउंट पर भी बड़ी पोस्ट अपलोड करने के साथ भाजपा के गाय से जुड़े विज्ञापन पर पार्टी ने कड़ा एतराज जताया है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि पहले विकास की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार चुनाव में एजेंडा ही बदल गया है। ‘विकास’ की जगह ‘बीफ’ ने ले रखी है।
हालांकि, पार्टी ने उम्मीद जताई है कि बिहार के अमन पसंद लोग भाजपा के खिलाफ वोट करेंगे।