देश में सस्ता दिल्ली में महंगा हुआ डीजल-पेट्रोल
दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने बजट के बाद दिल्ली की जनता को महंगाई का करारा झटका दिया है। सरकार ने डीजल और पेट्रोल पर वैट बढ़ा दिया है।
जिसके चलते डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई है। सरकार ने डीजल पर वैट 12.5 फीसदी से बढ़ाकर 16.6 फीसदी किया है। जिससे डीजल की कीमत दिल्ली में 1 रुपया 83 पैसे प्रति लीटर महंगा हो रहा है।
वहीं पेट्रोल पर भी वैट 20 फीसदी से बढ़ाकर 25 फीसदी कर दिया गया है। इससे पेट्रोल अब 2 रुपए 78 पैसे प्रति लीटर महंगा होने जा रहा है।
'526 करोड़ के लिए बढ़ाया वैट'
दिल्ली में डीजल और पेट्रोल पर बढ़ी हुई कीमतें आधी रात से लागू हो जाएगी। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने बजट के दौरान ही कईं जरूरी चीजों पर वैट बढ़ाने के संकेत दिए थे।
दिल्ली सरकार के इस फैसले पर विरोधी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वैट में बढोत्तरी पर कांग्रेस नेता अजय माकन ने ट्वीट किया कि केजरीवाल 526 करोड़ के विज्ञापन बजट के लिए डीजल पर 4 फीसदी और पेट्रोल पर 5 फीसदी वैट बढ़ा दिया। वो भी बजट के तुरंत बाद..।
बता दें कि दिल्ली सरकार द्वारा विधानसभा में वैट संशोधन अधिनियम 2015 को मंजूरी देने का भी विपक्ष ने जोरदार विरोध दर्ज कराया था।