कश्मीर से मिला दिल्ली से गायब हुआ किशोर, फेसबुक के जरिये मिली बड़ी मदद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक साल से अधिक समय तक अपने परिवार से बिछुड़े किशोर को मिलाने में फेसबुक ने अहम भूमिका अदा की। दिल्ली के खजूरी खास इलाके से गायब 15 वर्षीय किशोर को दिल्ली पुलिस ने कश्मीर के लाल चौक से सकुशल बरामद कर लिया।
किशोर घर से नाराज होकर कश्मीर भाग आया था। पुलिस के अनुसार किशोर को लेने पहुंची पुलिस की टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव भी किया, जिसमें दिल्ली पुलिस का एक एएसआई जख्मी हो गया।
किसी तरह लोगों को समझाकर खजूरी खास पुलिस किशोर को लेकर यहां आई। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि 9 मई 2015 में खजूरी खास निवासी रेखा ने 15 साल के बेटे की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई थी।
रेखा ने बताया था कि उनका बेटा ट्यूशन पढ़ने घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। किशोर के पास न तो कोई मोबाइल था और न ही उसने कभी कोई कॉल की।
ऐसे में उसका पता नहीं चल पा रहा था। इस बीच नवंबर 2015 से अप्रैल 2016 के बीच उसने अपने बड़े भाई से फेसबुक पर चैटिंग की। उसी आधार पर पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट की मदद ली।
दिल्ली पुलिस की टीम पर कश्मीर में हुआ पथराव
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोर कश्मीर में लाल चौक के पास दलाल मोहल्ला से चैट कर रहा था। फौरन एसआई मनीष त्यागी,एएसआई उमेश व अन्य की टीम को कश्मीर के लाल चौक रवाना कर दिया।
मौजूदा समय में वहां पर खूब हंगामा चल रहा था। पुलिस की टीम को देखते ही लोगों ने पथराव कर दिया। जिसमें एएसआई उमेश जख्मी हो गया। किसी तरह लोगों को समझाकर सारा माजरा बताया गया।
पुलिस को कश्मीर के चावल कारोबारी इश्तियाक अहमद के घर से किशोर सकुशल बरामद हो गया। उसने बताया कि वह भागकर कश्मीर आ गया था। यहां इश्तियाक ने बच्चे को अकेला देखकर अपने पास रख लिया था। हालांकि इश्तियाक ने उसे पढ़ाने के लिए जोर डाला था लेकिन उसने मना कर दिया था। वह वहां छोटा-मोटा काम कर रहा था।