चांद के दीदार होते ही किए पति के दीदार: अर्घ्य देकर सुहागनों ने खोला निर्जला व्रत, सीपी-इंडिया गेट रहे गुलजार
व्रत रखने वाली सुहागिनों ने देर शाम चांद निकलते ही जल और गेहूं के दानों का अर्घ्य दिया। इसके अलावा उन्होंने छलनी में दीया रखकर पहले चांद का दीदार किया और फिर अपने जीवन साथी का चेहरा देखा।
विस्तार
चांद छुपा बादल में शरमा के मेरी जाना, आ जा रे आ जा चंदा, जब तक तू ना आएगा सजना के चेहरे को देखने ये मन तरसा जाएगा...हम दिल दे चुके सनम फिल्म का यह गाना करवा चौथ व्रत रखने वाली सुहागिनों की जुबां पर बुधवार को देर शाम सिर चढ़कर बोल रहा था। उनके दिल की यह इच्छा सवा आठ बजे चांद निकलने पर पूरी हुई। इस दौरान उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने चांद का दीदार करने के बाद अपने जीवन साथी के दीदार किए। दरअसल सूर्यास्त के बाद से ही उनकी नजरें आसमान की ओर थी।
राजधानी में करवा चौथ के मौके पर बुधवार को सुहागिनों ने सोलह श्रृंगार कर अपने जीवन साथी की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत किया। सुहागिनों ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजधज कर दिन में मंदिरों में व्रत पूजा अर्चना करने के साथ-साथ कथा सुनी। वहीं कुछ सुहागिनों ने अपने घरों में ही पूजा अर्चना की और कथा सुनी। झंडेवाला देवी मंदिर में भगवती के दर्शन कराने के साथ-साथ पूजा अर्चना कराने के बाद कथा सुनाई गई और उन्हें श्रृंगार का सामान भेंट किया गया।
व्रत रखने वाली सुहागिनों ने देर शाम चांद निकलते ही जल और गेहूं के दानों का अर्घ्य दिया। इसके अलावा उन्होंने छलनी में दीया रखकर पहले चांद का दीदार किया और फिर अपने जीवन साथी का चेहरा देखा। इसके बाद उनके जीवन साथी ने उनको जल ग्रहण कराया और उपहार भेंट किया। इस तरह उन्होंने पूजा अर्चना करने के साथ घर के बड़े-बुर्जर्गों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
उधर, बहुत सी सुहागिनों ने कनाट प्लेस, इंडिया गेट और विभिन्न जगह मॉल्स में जाकर चांद देखने और पूजा अर्चना करने की रस्म पूरी की। उन्होंने यहां पर भी पूजा अर्चना करने के बाद खाना खाया। इसके चलते कनाट प्लेस के तमाम रेस्टोरेंट, इंडिया गेट के पार्क और मॉल्स में मौजूद रेस्टोरेंट खचाखच भर गए। वहीं अन्य स्थानों पर भी रेस्टोरेंटों में चांद निकलने के बाद खाना खाने वालों की अचानक भीड़ हो गई। दरअसल घर में करवा चौथ की पूजा अर्चना की रस्म पूरी करने के बाद इन स्थानों पर बहुत से लोग परिवार के साथ खाना खाने पहुंचे।
दूसरी ओर तिहाड़ जेल में भी महिला बंदियों ने करवा चौथ मनाया। यहां जेल नंबर छह व 16 में महिलाएं बंद हैं। जेल प्रशासन ने जेल नंबर छह में 140 व जेल नंबर 16 में 55 बंदी महिलाओं का करवा चौथ व्रत पूरा कराने के लिए सभी सामग्री उपलब्ध कराई।