निर्भया को आवाज देगी जूनियर लता मंगेशकर
हाल ही में दुनिया के सामने आई गुमनाम नन्हीं सुरीली गायिका जूनियर लता मंगेशकर अपने बॉली़वुड में गायिकी के करियर की शुरूआत दिल्ली कांड नाम की फिल्म से करने जा रही है।
जूनियर लता मंगेशकर के नाम से मशहूर गायिका जयालक्ष्मी निर्भया गैंगरेप कांड पर बनी फिल्म में अपना पहला गाना गाने वाली है। इस फिल्म के निर्देशक फिल्मकार कार्तिक कुमार करेंगे।
दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 को हुए गैंगरेप केस पर बन रही यह फिल्म अपने संगीत के कारण चर्चाओं में है। इस फिल्म में बॉलीवुड के कई दिग्गज गायकों ने अपनी आवाज दी है।
हिंदी सीखने में आईं कई मुश्किलें
फिल्म 'दिल्ली कांड' का संगीत निर्देशन रांची के अशोक नगर निवासी शशांक रंजन कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म में जया लक्ष्मी के अलावा शान, कैलाश खेर समेत अन्य गायकों से गाना गवाया है।
जयालक्ष्मी के बारे में बताते हुए शशांक कहते हैं चूंकि वह केरल की रहने वाली हैं, इसलिए हिंदी के उच्चारण में उन्हें कुछ तकलीफ आ रही थी। लेकिन लगभग एक हफ्ते के प्रयास के बाद उसे दुरुस्त कर लिया गया।
शशांक ने बताया कि उन्होंने खुद भी दो गानों में रैप किया है। शशांक के मुताबिक, म्यूजिक देने से पूर्व उन्होंने इस घटना का गहन अध्ययन किया। फिर मानसिक रूप से अपने को निर्भया से जोड़ा।