{"_id":"663030e7b129eb5abe0fed03","slug":"jaiprakash-aggarwal-held-a-joint-meeting-with-aap-and-congress-leaders-2024-04-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi: लवली के इस्तीफे से नुकसान की भरपाई में जुटे कांग्रेसी, आप और कांग्रेस नेताओं ने की संयुक्त बैठक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi: लवली के इस्तीफे से नुकसान की भरपाई में जुटे कांग्रेसी, आप और कांग्रेस नेताओं ने की संयुक्त बैठक
Tue, 30 Apr 2024 05:14 AM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Tue, 30 Apr 2024 05:14 AM IST
सार
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व चांदनी चौक क्षेत्र से उम्मीदवार जयप्रकाश अग्रवाल ने सोमवार को इलाके के आम आदमी पार्टी व कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त बैठक की। इस मौके पर उन्होंने लवली के बयान की चर्चा किए बिना कहा कि आम आदमी पार्टी व कांग्रेस के बीच हुए समझौते में कोई दरार नहीं है।
विज्ञापन
अरविंदर सिंह लवली
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे से होने वाले नुकसान की भरपाई करने की कवायद शुरू हो गई है। इतना ही नहीं, कांग्रेस के संगठन के पदाधिकारियों ने भी आप नेताओं से संपर्क साधने की शुरुआत की है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व चांदनी चौक क्षेत्र से उम्मीदवार जयप्रकाश अग्रवाल ने सोमवार को इलाके के आम आदमी पार्टी व कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त बैठक की।
विज्ञापन
इस मौके पर उन्होंने लवली के बयान की चर्चा किए बिना कहा कि आम आदमी पार्टी व कांग्रेस के बीच हुए समझौते में कोई दरार नहीं है। दोनों पार्टी के तमाम नेता इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताने के लिए मैदान में उतर चुके है। इस कारण हम सभी ने अपने लक्ष्य को साधने की दिशा में इधर-उधर न तो देखना है और न ही बातें सुननी है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार शुरू होने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनके ही नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में भी सभा व रोड शो करेंगे।
विज्ञापन
उधर, उत्तर पूर्व दिल्ली क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने होर्डिंग्स व बैनरों, पोस्टरों व झंडों पर राहुल गांधी के फोटो के साथ आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल का भी फोटो लगाया है। उन्होंने मतदाताओं को लुभाने के लिए आप की उपलब्धियों का भी बखान करना शुरू किया है। लिहाजा उन्होंने अपना प्रचार अभियान पूरी तरह इंडिया गठबंधन को समर्पित कर दिया है।
विज्ञापन
उत्तर पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार ने आप नेताओं व कार्यकर्ताओं को साधने की कड़ी में लवली पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस पूरी ईमानदारी से गठबंधन धर्म निभा सकेगी।
प्रदेश कांग्रेस में पूरे दिन छाया रहा सन्नाटा
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को सन्नाटा रहा। पार्टी कार्यालय में एक भी बड़ा नेता नहीं पहुंचा। इसके अलावा लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यालय में कोई बैठक नहीं हुई। प्रदेश कार्यालय में केवल वॉर रूम में ही चहल-पहल दिखी। यहां सोशल मीडिया टीम के सदस्य चुनाव प्रचार करने की रणनीति के संबंध में चर्चा करते दिखे। इसके अलावा कार्यालय परिसर से लेकर तभी सभागारों व कक्षों में सन्नाटा छाया था। कार्यालय में मौजूद एक कर्मचारी ने बताया कि पार्टी के नेता किसी अन्य स्थान हो रही बैठक में शामिल होने गए है। उधर, प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मंगलवार से सक्रिय होने के संकेत दिए हैं।
विकल्प तय करने में अभी दो-तीन दिन लगेंगे
कांग्रेस आलाकमान लवली का विकल्प तय करने में अभी समय लगाएगी। पार्टी नेताओं ने बताया कि दो-तीन दिन में विकल्प सामने आ जाएगा। इस संबंध में पार्टी आलाकमान प्रदेश के कई नेताओं से बात कर रही है। बताया जा रहा है कि आलाकमान किसी ऐसे नेताओं को लवली का विकल्प नहीं तय करेगी जो उनका करीबी है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के साथ समझौते का विरोध करने वाले नेता को भी वह आगे नहीं करेगी।