फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Investigation of Sudiksha Bhati case hand over to SIT

सुदीक्षा की मौत का जिम्मेदार कौन? लखनऊ तक पहुंची गूंज, एसआईटी जांच में होगा खुलासा

Wed, 12 Aug 2020 01:33 AM IST
Vikas Kumar आशीष शुक्ला, अमर उजाला, बुलंदशहर/औरंगाबाद
आशीष शुक्ला, अमर उजाला, बुलंदशहर/औरंगाबाद Published by: Vikas Kumar Updated Wed, 12 Aug 2020 01:33 AM IST
विज्ञापन
Investigation of Sudiksha Bhati case hand over to SIT
सीसीटीवी में दिखाई दिए बुलेट सवार दो लोग - फोटो : amar ujala

चरौरा-मुस्तफाबाद में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे की गूंज लखनऊ व दिल्ली के सियासी गलियारों तक पहुंच गई है। मृतका सुदीक्षा के परिजन हादसे का कारण छेड़छाड़ बता रहे हैं तो वहीं जनपद पुलिस प्रारंभिक जांच में छेड़छाड़ की बात से इनकार कर रही है। अब एसआईटी जांच के आधार पर ही कार्रवाई होगी। हालांकि इस मामले में देर रात सुदीक्षा भाटी के पिता की तहरीर के आधार पर औरंगाबाद पुलिस ने दो अज्ञात बुलेट सवार लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304a और मोटर व्हिक़ल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी औरंगाबाद सुभाष सिंह ने इसकी पुष्टि को है।

विज्ञापन


बुलंदशहर पुलिस प्रशासन का कहना है कि गौतमबुद्धनगर के गांव डेरीस्कनर निवासी सुदीक्षा भाटी सोमवार सुबह परिजनों के साथ बाइक से ननिहाल जा रही थी। गांव चरौरा मुस्तफाबाद मोड़ के निकट हादसा हो गया। सुदीक्षा को मौके पर पहुंची पीआरवी ने सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुलेट बाइक सवार मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है। 
विज्ञापन


उधर, मंगलवार सुबह मृतका के चाचा ने मीडिया के सामने बयान दिया कि बाइक वह खुद चला रहे थे। उनके पीछे उनका निगम व भतीजी सुदीक्षा बैठे हुए थे। रास्ते में एक बुलेट बाइक पर सवार दो युवकों ने बाइक पर पीछे बैठी उनकी भतीजी के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी थी। इसके बाद आरोपी अपनी बुलेट को उनकी बाइक के आगे ले गए और अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे हादसा हुआ और सड़क पर गिरने से सुदीक्षा के सिर में चोटआई, जिससे उसकी मौत हो गई। 

विज्ञापन
विज्ञापन

पल-पल की अपडेट लेते रहे मेरठ-लखनऊ के अफसर

शासन स्तर के अधिकारी जिले के पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार पल पल की जानकारी ले रहे हैं। साथ ही इसका फीड बैक मुख्यमंत्री को भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, आईजी मेरठ, एडीजी जोन समेत तमाम अधिकारी डीएम रविन्द्र कुमार और एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। क्योंकि एसएसपी संतोष कुमार सिंह की माता के निधन के बाद वह छुट्टी पर गये हुए हैं। साथ ही पूरे मामले से उनको पल-पल अपडेट कराया जा रहा है। शासन स्तर के अधिकारी मामले का जल्द से जल्द पर्दाफाश करने का निर्देश दे रहे हैं। जिसके बाद से जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

24 घंटे बाद पहुंचे इंस्पेक्टर, झाड़ियों में मिला चश्मा

हादसे का शिकार हुई छात्रा सुदीक्षा भाटी की मौत के करीब 24 घंटे बाद मामला मीडिया की सुर्खियों में आने और वरिष्ठ अधिकारियों की फटकार के बाद इंस्पेक्टर औरंगाबाद सुभाष सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। लेकिन, कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी। मंगलवार को डीएम रविन्द्र कुमार के घटनास्थल पर आने की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शीलेश गौतम के साथ इंस्पेक्टर सुभाष सिंह बाइक पर ही मौके पर पहुंचे। वहां झाड़ियों में चौकी प्रभारी को एक टूटा पड़ा चश्मा मिला है। देखने में किसी लड़की का लग रहा है। आशंका है कि घटनास्थल से मिला चश्मा सुदीक्षा का हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल के पास मृतका की चप्पल भी देखी गई थीं। लेकिन, बाद में पुलिस को चप्पल नहीं मिल सकी। 

बुलेट पर जाते दो युवक सीसीटीवी में कैद

मंगलवार को मामले की छानबीन के लिए सीओ सिटी दीक्षा सिंह मौके पर पहुंचीं। सीओ सिटी ने घटना स्थल से लेकर पवसरा तिराहे तक करीब तीन किलोमीटर तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल डाली। सीओ को इस दौरान कस्बा पुलिस चौकी के सामने एक रेडिमेड की दुकान से फुटेज मिली है। उक्त फुटेज में दो युवक बुलेट बाइक पर जाते हुए दिख रहे हैं। पुलिस का मानना था कि घटना के मात्र पांच मिनट बाद उक्त बुलट घटना स्थल की ओर से आती हुई दिख रही है। जिस कारण पुलिस की जांच में उक्त बुलट सवारों की सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस दोनों युवकों को चिन्हित करने में जुटी हुई है। सीओ सिटी ने मृतका के ननिहाल गांव माधोगढ़ पहुंचकर परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है।

प्रत्यक्षदर्शी बोला, मैंने नहीं देखी छेड़छाड़

मंगलवार को थाना क्षेत्र के गांव चरौरा मुस्तफाबाद निवासी हेमंत शर्मा ने दावा किया कि वह घटना के चश्मदीद हैं। उनका एक वीडियो भी प्रशासन ने जारी किया है जिसमें वह घटना के बारे में बता रहे हैं। हेमंत शर्मा ने डीएम रविन्द्र कुमार, एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर औरंगाबाद सुभाष सिंह को बताया कि वह घटना के वक्त चरौरा मुस्तफाबाद स्थित रजवाहे पर था। जिस समय यह वारदात हुई उस समय बुलेट सवार युवक छेड़छाड़ नहीं कर रहे थे। सामने की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक को ओवर टेक करने के दौरान पहले कार ने ब्रेक लगाये उसके बाद पीछे चल रही बुलेट ने इमरजेंसी ब्रेक ले लिए। स्पलेंडर पर चल रहे भाई-बहन से बाइक कंट्रोल न होने के कारण बुलेट में बाइक जा टकराई। जिसमें सुदीक्षा सिर के बल सड़क पर गिर गई थी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना से पहले यदि रास्ते में छेड़छाड़ की वारदात हुई है तो उन्हे इस बात का पता नहीं है।  

बुलेट वालों की तलाश में तीन टीमें गठित

स्कॉलर छात्रा सुदीक्षा भाटी की हादसे में मौत के बाद पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लिया है। एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जिसमें दो सीओ के साथ इंस्पेक्टर औरंगाबाद को लगाया गया है। एक सीओ को दादरी स्थित मृतका के गांव भेजा गया है। जिससे कि मामले में तहरीर ली जा सके। साथ ही मृतका के भाई से बुलेट सवार युवकों के हुलिया का पता किया जा सके। जबकि सीओ सिटी दीक्षा सिंह और इंस्पेक्टर सुभाष सिंह को गांव माधोगढ़ स्थित ननिहाल भेजा गया। दोनों ने यहां मामा से पूछताछ की है। फिलहाल पुलिस की एक टीम बुलेट सवार युवकों को चिन्हित करने में लगी हुई है।  

..तो चाचा की लोकेशन वारदात के वक्त थी सिकंदराबाद

पुलिस का दावा है कि जिस बाइक पर सुदीक्षा बैठी थी उसे उसके चाचा नहीं बल्कि भाई चला रहा था। पुलिस के दावे के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 8.45 बजे यह हादसा हुअ, जबकि, सुबह 9 बजे और 9.15 बजे के आसपास मृतका सुदीक्षा के चाचा की फोन लोकेशन सिकंदराबाद क्षेत्र में आ रही थी। जो कि घटना स्थल से करीब 30 से 35 किलोमीटर की दूरी पर है। 

करा रहे हैं गहन जांच 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क दुर्घटना के वक्त मृतका का भाई निगम भाटी साथ था। जबकि चाचा मौके पर नही थे। मृतका के भाई ने पुलिस से छेड़छाड़ की शिकायत नहीं की थी। मृतका के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है। प्रकरण से जुडे़ सभी लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कराई जा रही है। - रविंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed