आयकर विभाग का दावा इस आप विधायक के पास है 130 करोड़ की बेनामी संपति
आम आदमी पार्टी के मेहरौली क्षेत्र से विधायक करतार सिंह तंवर के पास 130 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति होने की बात सामने आई है। यह खुलासा आयकर विभाग ने किया है। विभाग का कहना है कि इसकी जानकारी विधायक ने छिपा रखी थी।
एक टीवी चैनल से बातचीत में करतार सिंह ने इन आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने बताया कि आयकर की टीम सिर्फ 10 लाख 50 हजार रुपये लेकर गई है।
उन्होंने उनपर लगाए गए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि अब तक 11 कंपनियों में रहा, लेकिन अब सिर्फ 4 में ही हूं। मेरे पास कोई भी बेनामी संपत्ति नहीं है।
विधायक नहीं दे सके कई सवालों के जवाब
गौरतलब है कि पिछले महीने उनके फार्म हाउस और दफ्तरों पर आयकर विभाग ने छापे मारे थे। आयकर अधिकारियों ने दावा किया है कि उन्हें ऐसे दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनसे पता चलता है कि 'आप' नेता बड़े फॉर्महाउसों के मालिक हैं और उन्होंने अपने सहयोगियों के नाम पर कई बेनामी संपत्तियां खरीद रखी हैं।
आयकर विभाग के सूत्रों ने कहा कि उन्हें जो दस्तावेज हासिल हुए हैं, उससे पता चलता है कि करतार सिंह ने इन घरों में निवेश करने के लिए एक दर्जन से अधिक फर्जी कंपनियां बना रखी थीं, जिनमें से कुछ के मालिक के रूप में उनके सहयोगियों को दर्शाया गया है।
आप विधायक कथित रूप से यह बताने में नाकाम रहे कि दक्षिणी दिल्ली में 2.6 एकड़ के जिस फॉर्म हाउस में वह रहते हैं, उसके लिए उन्होंने कितने पैसे खर्च किए। आयकर छापों के बाद आम आदमी पार्टी करतार सिंह के बचाव में खुलकर सामने आई थी और कहा था कि 'आप' के अन्य नेताओं की तरह उन्हें भी जांच एजेंसियां केंद्र के निर्देश पर बदले की राजनीति के तहत निशाना बना रही हैं।