UP: पहले पिता ने सैलून में नहीं कटने दिए मनमाफिक बाल, मां ने बनाया नहाने का दबाव; नाराज बेटे ने बुला ली पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस भी बच्चे द्वारा दी जानकारी को सुनकर हंसी नही रोक पाई। घर पर पुलिस को देख आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और सभी बच्चे को समझाने लगे।
विस्तार
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव अक्खापुर में मां ने बेटे को नहाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया, पिता का डांटने से नाराज बेटे ने 112 पर फोन करके पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बच्चे को शांत किया और समझाकर लौट गए।
गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने नौ वर्षीय बेटे को गांव में ही बाल कटाने के लिए कहा, जिसके बाद बच्चा और उसके पिता गांव में ही एक सैलून पर चले गए। जहां पर उसके पिता ने अपनी मर्जी से उसके बालों को कटवाना शुरू कर दिया। इतने में ही बच्चे ने अपने स्टाइल में बाल कटाने की जिद पकड़ ली, लेकिन पिता की सख्ती देख बच्चे ने अपने बाल कटवा लिए। जिसके बाद वह घर पहुंच गए।
वहां उसकी मां ने उसको नहाने के लिए बोला लेकिन बच्चे ने सर्दी का बहाना लेकर मना कर दिया। जिसके बाद के पिता ने डांट लगा दी। इतने में ही माता-पिता से नाराज होकर बच्चे ने पीआरवी डायल 112 पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस भी बच्चे द्वारा दी जानकारी को सुनकर हंसी नही रोक पाई। घर पर पुलिस को देख आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और सभी बच्चे को समझाने लगे। काफी मशक्कत के बाद बच्चा शांत हुआ और पुलिस लौट गई।