तिहाड़ में मोबाइल फेंकते हुए सीसीटीवी में कैद हुआ जेलकर्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कभी कैदी तो कभी तिहाड़ के कर्मी जेल के अंदर मोबाइल फोन, तंबाकू व अन्य प्रतिबंधित पदार्थ पहुंचाने में सफल हो जाते हैं। लेकिन इस बार जेल कर्मी प्रतिबंधित पदार्थ पहुंचाने में सफल तो रहे लेकिन उसकी करतूत कैमरे में कैद हो गई और सामान भी बरामद कर लिया गया।
शातिर आरोपी कर्मी को जब पता लगा कि उसकी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई तब उसने कंट्रोल रूम से उस फुटेज को डिलीट करा दिया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और उसकी पहचान की जा चुकी थी।
अभी तक आरोपी कर्मी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात तिहाड़ जेल संख्या आठ/नौ में कार्यरत दो वार्डर ने एक मोजे में पांच मोबाइल फोन, पांच चार्जर और स्वागत खैनी के छह पैकेट को पैक किया।
उस पैकेट को निकाला और जेल के अंदर फेंका
पैक इस तरह से किया गया कि यदि उसे दूर से भी फेंका जाए तो पैकेट के अंदर की चीजों को कोई नुकसान न हो। सूत्रों की मानें तो कर्मी जेल के अंदर सीधे तौर पर लाना चाहता था लेकिन सुरक्षा कड़ी होने की वजह से वह लेकर अंदर प्रवेश नहीं कर पाया।
इसके बाद वह ड्यूटी के दौरान ही जेल से बाहर निकला और जेल दीवार के साथ लगे अपनी मोटरसाइकिल से उस पैकेट को निकाला और जेल के अंदर फेंका। जिस जगह पर उसने उस पैकेट को फेंकना था वहां एक कर्मी उसे उठाने के लिए तैयार खड़ा था।
लेकिन पैकेट तीन-चार फुट पहले मुलाकाती खिड़की के अंदर चला गया और बिना ताला खोले वहां पहुंचना मुश्किल था। उस जगह को दूसरी सुबह असिस्टेंट सुप्रीटेंडेंट की उपस्थिति में ही खोला जाता है।
मंगलवार सुबह जब कैदियों के मुलाकात की जगह को खोला गया तब उस पैकेट को बरामद किया गया। इसके बाद शुरुआती जांच में पता लगा कि जेल का ही एक कर्मी उस पैकेट को जेल के अंदर फेंक रहा है।
आरोपी को जब जानकारी हुई तो उसने सीसीटीवी फुटेज डिलीट करा दी
इस बात की जानकारी जब आरोपी को मिली तब उसने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सोमवार रात की रिकॉर्डिंग डिलीट करा दी। सूत्रों का कहना है कि आरोपी कुछ दिन पहले तक सीसीटीवी कंट्रोल रूम में ही कार्यरत था इसलिए वहां के सिस्टम और उस जगह पर कार्यरत लोगों से जान-पहचान थी।
तिहाड़ सूत्रों की मानें तो दो से चार हजार रुपये की मोबाइल जेल के अंदर 25 से 30 हजार रुपये में बेचते हैं। यही नहीं एक स्वागत खैनी की बाजार कीमत 10 रुपये है जो जेल के अंदर चार से छह हजार रुपये में बिकती है।
जेल के अंदर बरामद समान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये (जेल के अंदर कीमत) आंकी गई। यह वही जेल है जहां से पिछले दिनों दो कैदी जेल की दीवार में सेंधमारी कर फरार हो गए थे।